गोंडा। बेसिक शिक्षा परिषद के शिक्षकों की पदोन्नति प्रक्रिया अंतिम वरिष्ठता सूची जारी नहीं होने से अटकी हुई है। शासन की ओर से निर्धारित सात नवंबर की समयसीमा बीतने के बावजूद विभाग सूची जारी नहीं कर सका है। 200 से अधिक दावे-आपत्तियों के निस्तारण में प्रक्रिया उलझी हुई है। ऐसे में पदोन्नति तो दूर, पात्र शिक्षकों की अंतिम वरिष्ठता सूची भी अब तक जारी नहीं हो सकी है।
बेसिक शिक्षा परिषद ने 30 अक्तूबर को सभी बीएसए को सात नवंबर तक अंतिम वरिष्ठता सूची प्रकाशित कर पदोन्नति प्रक्रिया पूरी कराने के निर्देश दिए थे। इससे पहले भी एक, नौ और 16 अक्तूबर को निर्देश जारी किए गए थे। अनंतिम वरिष्ठता सूची में गड़बड़ियों को लेकर शिक्षकों ने आपत्तियां दर्ज कराई हैं। वजीरगंज के एक सहायक अध्यापक ने नियुक्ति तिथि, मेरिट और जन्मतिथि संबंधी मानकों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए सूची में संशोधन की मांग की है।
बीएसए अमित कुमार सिंह ने बताया कि खंड शिक्षा अधिकारियों के माध्यम से आपत्तियों का निस्तारण कराया जा रहा है। सूची में मिली विसंगतियों की जांच में समय लग रहा है। जल्द ही अंतिम वरिष्ठता सूची जारी करने का प्रयास किया जा रहा है।
पदोन्नति के लिए टीईटी अनिवार्य
बेसिक शिक्षा परिषद ने 12 नवंबर को आदेश जारी कर स्पष्ट कर दिया है कि पदोन्नति के इच्छुक सेवारत शिक्षकों के लिए भी शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। प्राथमिक स्तर की टीईटी उत्तीर्ण शिक्षक प्राथमिक विद्यालय में प्रधानाध्यापक बन सकेंगे, जबकि दोनों स्तर की टीईटी उत्तीर्ण शिक्षक उच्च प्राथमिक विद्यालय में सहायक अध्यापक पद पर पदोन्नति के पात्र होंगे।
उच्च प्राथमिक स्तर की टीईटी उत्तीर्ण शिक्षक इसी स्तर के विद्यालय में प्रधानाध्यापक बन सकेंगे। गैर टीईटी शिक्षकों के पद सुरक्षित रखे जाएंगे। स्पेशल टीईटी का परिणाम घोषित होने के बाद उनकी पदोन्नति के संबंध में निर्णय लिया जाएगा।
गैर टीईटी शिक्षकों के हितों का ध्यान रखने की मांग
शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष विनय तिवारी ने उच्च प्राथमिक विद्यालयों में प्रधानाध्यापक पदों पर पदोन्नति की प्रक्रिया शुरू करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की ओर से दर्ज कराई गई आपत्तियों का नियमानुसार निस्तारण कर त्रुटिरहित अंतिम वरिष्ठता सूची जारी की जानी चाहिए। साथ ही गैर टीईटी शिक्षकों के हितों का भी ध्यान रखने की मांग की है।