गोंडा। नोएडा में आयोजित इंटरनेशनल ट्रेड शो की तर्ज पर जिले के गांधी पार्क में बृहस्पतिवार से स्वदेशी मेला आयोजित होगा। इसमें उद्योग विभाग जहां स्वदेशी उत्पाद बनाने वाले हस्तशिल्पियों को निशुल्क स्टॉल मुहैया कराकर उन्हें दीपावली से पहले उपहार देगा। स्वदेशी मेले में एक ओर जहां अरगा ब्रांड के उत्पाद मिलेंगे तो दूसरी ओर देसी गुड़, मशरूम, स्वादिष्ट अचार, दाल और डेयरी उत्पाद के साथ ही बेकरी व मिट्टी से बने सामान भी मिलेंगे।
10 दिन तक चलने वाले इस स्वदेशी मेले की बृहस्पतिवार से शुरूआत होगी। सुबह 11 बजे से रात आठ बजे तक स्टॉल सजाए जाएंगे। इस दौरान जिलेभर के लोग एक स्थान पर स्वदेशी सामान खरीद सकेंगे। जिला उद्योग उपायुक्त बाबूराम ने बताया कि सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। स्वदेशी मेले में 50 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे। निशुल्क स्टॉल के साथ ही बिजली, पानी समेत सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी। स्टॉल लगाने के इच्छुक कारोबारी उद्योग विभाग से संपर्क कर सकते हैं।
सरकारी योजनाओं की भी ले सकेंगे जानकारी
उद्योग उपायुक्त बाबूराम ने बताया कि देशी उत्पादों के साथ ही दीपावली पर जिले के लोग छूट के साथ सामान अपने घर ले जा सकेंगे। वहीं, डीएम प्रियंका निरंजन के निर्देश पर टाउन हाॅल में सरकार की योजनाओं की भी जानकारी दी जाएगी। इसमें खादी, एनआरएलएम, कृषि, उद्यान, रेशम व आईटीआई आदि से जुड़े अधिकारी पहुंचेंगे। साथ ही अपनी-अपनी योजनाओं की जानकारी देंगे।