गोंडा। कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में भूमि अधिग्रहण कार्यों की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में डीएम ने भूमि अधिग्रहण में लापरवाही मिलने पर भूमि अध्याप्ति अधिकारी पंकज वर्मा स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही उपजिलाधिकारी तरबगंज विश्वामित्र को कार्य में शिथिलता बरतने पर शो-कॉज नोटिस जारी करने के आदेश दिए।
बैठक में निर्देश दिया गया कि गेहूं की कटाई के तुरंत बाद भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया तेज की जाए, ताकि परियोजनाओं में देरी न हो। साथ ही किसानों को उनकी भूमि के बदले समय से उचित मुआवजा उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए, जिससे असंतोष की स्थिति न बने।
जिलाधिकारी ने भूमि अध्याप्ति अधिकारी को निर्देशित किया कि सभी परियोजनाओं से संबंधित सड़कों की लंबाई, भूमि विवादों के कारण एवं अन्य आवश्यक आंकड़े व्यवस्थित रूप से संकलित कर समय पर प्रस्तुत किए जाएं।
जनगणना तैयारियों पर भी सख्ती
डीएम ने जनगणना तैयारियों को लेकर भी समीक्षा की। उन्होंने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनगणना कार्य के लिए शत-प्रतिशत अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाए और सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं। विभागों के बीच समन्वय बनाकर कार्य करने पर भी जोर दिया गया। बैठक में अपर जिलाधिकारी आलोक कुमार, नगर मजिस्ट्रेट पंकज वर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।