करनैलगंज। कड़ाके की ठंड के बीच शनिवार को जिला स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायतकर्ताओं की भीड़ उमड़ पड़ी, जहां डीएम प्रियंका निरंजन और एसपी विनीत जायसवाल ने जनसमस्याएं सुनकर कार्रवाई का भरोसा दिलाया, वहीं ठिठुरते जरूरतमंदों को कंबल बांटकर राहत पहुंचाई गई। यहां पर 103 में से 15 का मौके पर निस्तारण किया गया।
संपूर्ण समाधान दिवस के मौके पर सुबह 10 बजे ही फरियादियों की कतार लग गई। ऐसे में तहसील सभागार गेट पर पुलिस कर्मियों को तैनात करना पड़ा। किसान नेता प्रताप बली सिंह ने करनैलगंज का नाम बदलने की मांग की। पैरोरी निवासी दुखहरण ने पंचायत में भ्रष्टाचार की शिकायत की। प्रदीप कुमार सिंह ने सड़क निर्माण में अनियमितता की शिकायत की। खुजरिया निवासी बिट्टू देवी ने कहा कि प्रार्थना पत्र देने के बाद राशन कार्ड में नाम न जुड़ने की शिकायत दर्ज कराई।
सदर तहसील में एसडीएम अशोक गुप्ता व सीओ शिल्पा वर्मा से फरेंदा कानूनगो निवासी शिवराजी ने कहा कि राजस्व कर्मियों ने गांवों के रसूखदारों से मिलीभगत कर अतिक्रमण के नाम पर उनका दुकान व मकान गिरवा दिया।
तरबगंज तहसील में सीआरओ महेश प्रकाश ने समस्याओं की सुनवाई की। बेलसर निवासी रमाकांत ने बताया कि जूनियर हाई स्कूल की भूमि पर जबरन कब्जे की शिकायत की। डिक्सिर निवासी रामकृपाल ने चारागाह व मंदिर, नबाबगंज के भैरमपुर के प्रधान प्रतिनिधि मोहम्मद अली ने नवीन परती व घूर गड्ढा, लौव्वा वीरपुर के रामबरन ने कई चकमार्गो, रूपीपुर वजीरगंज के दीनानाथ ने नवीन परती की भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत की है। सेमरा शेखपुर के सूरज तिवारी ने भूमि बैनामा में स्टांप चोरी करने की शिकायत की है।
करनैलगंज तहसील परिसर में संपूर्ण समाधान दिवस के बाद विधायक अजय सिंह ने डीएम व एसडीएम के साथ मिलकर बलरामपुर चीनी मिल यूनिट मैजापुर की ओर से जरुरतमंदों को कंबल वितरित किए। राशन कार्ड न मिलने की शिकायत पर लाभार्थियों को कार्ड वितरण किए गए। मनकापुर में एडीएम आलोक कुमार 67 शिकायतें सुनने के बाद सात के समाधान के दावे किए। तरबगंज में सुनवाई के बाद सीआरओ महेश प्रकाश ने 54 में से तीन शिकायतों के निस्तारण के दावे किए हैं।
गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए निर्देश
डीएम प्रियंका निरंजन व एसपी विनीत जायसवाल ने शिकायतें सुनने के बाद अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए हैं। डीएम ने कहा कि अवैध अतिक्रमण व चकमार्गों को संयुक्त टीम के साथ मौके पर जाकर तत्काल खाली कराई जाय। इस दौरान शिकायतकर्ता को भी बुलाएं। फोटोग्राफी व वीडियोग्राफी भी सुनिश्चत की जाए।