करनैलगंज। सीएमओ डॉ. संतलाल पटेल ने शनिवार को सीएचसी का औचक निरीक्षण किया। प्रसूताओं को भोजन न मिलने की शिकायत पर उन्होंने नाराजगी जाहिर की। सीएचसी पहुंचते ही उन्होंने सबसे पहले लैब का निरीक्षण किया और खामियों को दूर करने के निर्देश दिए। शनिवार को अधीक्षक डॉ. सौम्या श्रीवास्तव अवकाश पर थीं। सीएमओ ने इमरजेंसी, प्रसव केंद्र और अन्य विभागों का भी निरीक्षण किया। सफाई व्यवस्था ठीक न मिलने पर फटकार लगाते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने उपस्थिति रजिस्टर व दवाओं की उपलब्धता की भी जांच की। इस दौरान डॉ. मुद्दस्सिर, डॉ. इमरान मोईद, डॉ. अमर सिंह, बीसीपीएम सुरेंद्र यादव, संजय यादव, अर्पण पांडेय, निरंकार आदि मौजूद रहे। (संवाद)