नवाबगंज के दुर्गागंज में लोगों को लौटाते पुलिसकर्मी। स्रोत: विभाग
नवाबगंज। अयोध्या तीर्थ क्षेत्र में होने वाले भव्य दीपोत्सव को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पूर्वांचल का प्रवेशद्वार कहे जाने वाले कटरा शिवदयालगंज तिराहे से पुराने सरयू पुल के रास्ते अयोध्या में प्रवेश पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। शुक्रवार शाम से ही सुरक्षा कारणों से इस मार्ग को सील कर दिया गया।
दीपोत्सव के दौरान सरयू पुल पर होने वाली भव्य आतिशबाजी की परंपरा को देखते हुए इस रास्ते से आमजन के आवागमन पर पूरी तरह रोक रहेगी। पुल पर गोंडा की तरफ टिन की ऊंची दीवार खड़ी कर दी गई है, जहां पुलिस और पीएसी के जवान तैनात हैं। कटरा शिवदयालगंज तिराहे पर बैरिकेडिंग कर पुलिस ने चौकसी बढ़ा दी है। गोंडा और बस्ती से आने वाले वाहनों को फोरलेन मार्ग की ओर डायवर्ट किया गया है, ताकि दीपोत्सव स्थल की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था दोनों सुचारु रहें।
नवाबगंज थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि दीपोत्सव को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह से सुदृढ़ कर दी गई है। गोंडा सीमा पर सरयू पुल और कटरा क्षेत्र में पुलिस बल की तैनाती की गई है। किसी भी अनधिकृत वाहन या व्यक्ति को पुल पार करने की अनुमति नहीं है। उन्होंने बताया कि सरयू नदी के दोनों किनारों पर मोटरबोट से गश्त और ड्रोन कैमरों से निगरानी की जा रही है। रूट डायवर्जन लागू कर दिया गया है। पुलिस बल के साथ ही अन्य सुरक्षा एजेंसियां भी पूर्ण सतर्कता बरत रही हैं।
वहीं, एसपी विनीत जायसवाल व एएसपी (पूर्वी) मनोज रावत ने शुक्रवार को शहर के चौक, भरत मिलाप चौराहा, उतरौला रोड, बड़गांव व रानीबाजार का पैदल भ्रमण कर सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया। सराफा व्यापारियों से सुरक्षा को लेकर जानकारी हासिल की। साथ ही पुलिस टीमों को सतर्क रहने के निर्देश दिए।
बड़े वाहनों का रूट डायवर्जन
- बस्ती जनपद की ओर से अयोध्या के रास्ते लखनऊ जाने वाले वाहन 18 से 20 अक्तूबर तक लोलपुर चौराहा से कटरा तिराहा होते हुए कोल्हमपुर–मनकापुर अथवा कटी तिराहा–तरबगंज–करनैलगंज मार्ग से होकर लखनऊ जा सकेंगे।
- गोरखपुर व बस्ती की ओर जाने वाले वाहन लोलपुर मार्ग से बस्ती–गोरखपुर जा सकते हैं अथवा नवाबगंज के कटी तिराहा से कोल्हमपुर–मनकापुर मार्ग होते हुए अपने गंतव्य की ओर जा सकेंगे।