गोंडा। समाज के अंतिम पायदान पर खड़े पात्र व्यक्ति को उसका हक दिलाना और अधिकारों तक उसकी पहुंच सुनिश्चित करना पूरे समाज की जिम्मेदारी है। इसके लिए सभी को आगे आना चाहिए। यह बात जिला जज दुर्ग नरायन सिंह ने रविवार को वेंकटाचार्य क्लब में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से आयोजित मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर के उद्घाटन अवसर पर कही। उन्होंने फीता काटकर शिविर का शुभारंभ किया।
प्राधिकरण की सचिव अंकिता सिंह ने बताया कि शिविर में समाज कल्याण, शिक्षा, श्रम, वन, विद्युत, पिछड़ा वर्ग, दिव्यांगजन कल्याण, आईटीआई और डाक विभाग समेत विभिन्न विभागों की ओर से चिह्नित पात्रों को योजनाओं का लाभ दिया गया।
देवव्रत सिंह के निर्देशन में अनाम ग्रुप ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से निशुल्क विधिक सहायता की जानकारी दी। जिला कारागार के स्टॉल पर महिला बंदियों के बनाए झोले, सजावटी सामान और देसी अचार आकर्षण का केंद्र रहे। जेलर आफताब अंसारी ने बताया कि दो सिलाई मशीनों के माध्यम से महिला बंदियों को प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। स्टॉल पर डिप्टी जेलर रंजना शुक्ला समेत अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
वहीं, जिला समन्वयक समेकित शिक्षा राजेश कुमार सिंह की अगुवाई में स्पेशल एजुकेटरों ने शिक्षण अधिगम सामग्री (टीएलएम) प्रदर्शित कर खेल-खेल में बच्चों को पढ़ाने के तरीके बताए। दृष्टिबाधित बच्चों के लिए उपयोगी शिक्षण सामग्री भी प्रदर्शित की गई।
कार्यक्रम का संचालन बृजलाल तिवारी ने किया। इस दौरान राजेंद्र कुमार त्रिपाठी, सूर्यप्रकाश सिंह, आलोक शर्मा, निर्भय प्रकाश, दानिश हसनैन, फूलचंद्र कुशवाहा, अमित सिंह, अभिनव यादव आदि न्यायिक अधिकारी मौजूद रहे।
वेंकटाचार्य क्लब में आयोजित कार्यक्रम में मौजूद लोग। संवाद
वेंकटाचार्य क्लब में आयोजित कार्यक्रम में मौजूद लोग। संवाद