श्रीहनुमत कथा के बारे में बताते समिति के पदाधिकारी। - संवाद
गोंडा। शहर में 12 नवंबर से श्री हनुमंत कथा और महायज्ञ की गूंज सुनाई देगी। श्री मेहंदीपुर बालाजी परिवार की ओर से आयोजित आठ दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम में 51 कुंडीय हनुमंत महायज्ञ भी होगा। आयोजन की तैयारियों को लेकर रविवार को महादेव लॉन में समिति की बैठक हुई।
समिति के सदस्य प्रतीक टंडन ने बताया कि 12 नवंबर को पुरानी हनुमानगढ़ी मंदिर से कलश एवं निशान शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए बहराइच रोड स्थित कथा स्थल पहुंचकर संपन्न होगी। समिति के सदस्य अनिरुद्ध सिंह शाही ने बताया कि 13 से 20 नवंबर तक प्रतिदिन शाम चार से सात बजे तक प्रवाचक विजय कौशल श्री हनुमंत कथा सुनाएंगे। गौरव रस्तोगी ने बताया कि प्रतिदिन सुबह सात से 10 बजे तक 51 कुंडीय हनुमंत महायज्ञ कराया जाएगा। इसका संचालन नैमिषारण्य, सीतापुर से आ रहे यज्ञाचार्य पवन वाजपेयी के मार्गदर्शन में होगा।
विजय मिश्र ने बताया कि इस बार श्रद्धालुओं के लिए एक दिवसीय यजमान बनने की भी व्यवस्था की गई है। सुनील रस्तोगी, शानू गुप्ता, सोमनाथ रस्तोगी, अनुराग शर्मा, अजय कसौधन, शुभम कसौधन, सत्यम गुप्ता, चंदन आर्य, संदीप टंडन, रोहित कश्यप, अनूप बंसल, अमन वर्मा और निखिल आयोजन की तैयारियों में जुटे हैं।