मंडलायुक्त कार्यालय पर महिलाओं की समस्या सुनते आयुक्त। -संवाद
गोंडा। देवीपाटन मंडल मुख्यालय पर आयोजित मां पाटेश्वरी शक्ति संवाद महिला जनसुनवाई में इस बार विभागीय लापरवाही और जमीन विवाद की शिकायतें अधिक आईं। मंडलायुक्त शशिभूषण लाल सुशील ने 14 महिलाओं की शिकायतें सुनकर संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
भवाजिदपुर की किशना देवी ने अतिक्रमण हटाने के न्यायालय के आदेश का अनुपालन न होने की शिकायत की। उनका कहना है कि अपील खारिज होने के बाद भी राजस्व विभाग ने कार्रवाई नहीं की, जिससे ग्रामीणों का आवागमन बाधित है। वजीरगंज के सेहरिया गांव की मुन्नी देवी ने भी सीमांकन और पैमाइश के आदेश के पालन न होने तथा जमीन पर कब्जे के प्रयास का मुद्दा उठाया।
तरबगंज के चंद्रसुहा गांव की शांति देवी ने जमीन पर कब्जा कराने, रिकॉर्ड बदलने और धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने अधिकारियों से हस्तक्षेप कर कब्जा रोकने और आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की। बहराइच की प्रिया ने जन्म प्रमाणपत्र नहीं बन पाने की शिकायत की। प्रिया ने बताया कि आवश्यक दस्तावेज न होने के कारण आवेदन लंबित है, जिससे वह शिक्षा और रोजगार से वंचित हैं।
शहर के मेवातियान मोहल्ले की रुकसाना ने बिना प्रक्रिया अपनाए 1.31 लाख रुपये का जुर्माना लगाने की शिकायत की। उनका कहना है कि बिजली विभाग की टीम की जांच के दौरान घर में कोई मौजूद नहीं था और न ही वीडियोग्राफी या हस्ताक्षर की प्रक्रिया पूरी की गई। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
मंडलायुक्त ने सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर जांच कर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि महिलाओं की समस्याओं के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।