मानदेय दिलाने व नियमितीकरण की मांग को लेकर रोजगार सेवकों ने मंगलवार को गांधी पार्क से कलेक्ट्रेट परिसर तक जुलूस निकाल प्रदर्शन किया। रोजगार सेवकों की समस्याओं के निस्तारण की मांग को लेकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।
जुलूस से पहले उत्तर प्रदेश ग्राम रोजगार सेवक संघ के जिलाध्यक्ष जयप्रताप सिंह ने कहा कि करीब 14 महीनों से जिले के रोजगार सेवकों को मानदेय नहीं मिला है, जिससे उनका परिवार भुखमरी की कगार पर है। विद्यालयों में बच्चों की फीस न जमा होने से शिक्षण कार्य बंद हो गया है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने चुनाव के दौरान घोषणा की थी कि सरकार बनते ही रोजगार सेवकों को नियमित कर दिया जाएगा, लेकिन सरकार अपना वादा भूल गई है।
उन्होंने शासन व प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि 12 मई तक उनकी मांगों पर कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो 13 मई को जिले के रोजगार सेवक लखनऊ के लक्ष्मण मेला मैदान में अनिश्चितकालीन धरना देंगे।
ब्लॉक अध्यक्ष नवाबगंज शिवनारायन यादव ने कहा कि यदि रोजगार सेवकों को शिक्षामित्रों की भांति नियमित नहीं किया गया तो रोजगार सेवक व उनके परिवारीजन इसका जवाब विधानसभा चुनाव में देेंगे।
इसके बाद रोजगार सेवकों ने मानदेय दिलाने व नियमितीकरण की मांग को लेकर जुलूस निकाला और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। इस मौके पर निर्मल गुप्ता, अरविंद पाल, बृजेश सिंह, राजेश पांडेय, रमेशचंद्र गुप्ता, मंजू यादव, अरुण कुमार आदि मौजूद रहे।