तरबगंज। मुख्यमंत्री आवास योजना की पहली किस्त में से 22 हजार रुपये हड़पने का मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव के रोजगार सेवक ने ब्लॉक अधिकारियों को घूस देने के नाम पर लाभार्थी से रकम ले ली और शिकायत करने पर आवास निरस्त कराने की धमकी दी। जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद ग्राम सचिव की तहरीर पर आरोपी रोजगार सेवक ऋषि कुमार के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।
सिंगहाचंदा गांव निवासी किश्मता ने अधिकारियों से शिकायत की। कहा कि उसके खाते में मुख्यमंत्री आवास योजना की पहली किस्त के रूप में 40 हजार रुपये आए थे। गांव के रोजगार सेवक ऋषि कुमार श्रीवास्तव ने जानकारी दी और रकम निकालने को कहा।
महिला का आरोप है कि रोजगार सेवक ने ब्लॉक के अधिकारियों को रिश्वत देने की बात कहकर 22 हजार रुपये ले लिए। साथ ही धमकाया कि यदि कहीं शिकायत की तो आवास योजना से नाम कटवा दिया जाएगा। इस मामले में खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) की जांच में आरोप सही पाए गए। जांच रिपोर्ट के आधार पर ग्राम सचिव नरेंद्र कुमार ने थाने में तहरीर दी।
कोतवाल केके त्रिपाठी ने बताया कि रोजगार सेवक ऋषि कुमार के खिलाफ जालसाजी सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। विवेचना की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।