गोंडा। श्री गांधी विद्यालय इंटर कॉलेज नवाबगंज में बृहस्पतिवार को आयोजित रोजगार मेले में हाईस्कूल पास युवाओं को 20 हजार रुपये तक मासिक वेतन पर नौकरी पाने का अवसर मिलेगा। इसके साथ ही इंटरमीडिएट, स्नातक और आईटीआई पास युवक-युवतियां भी प्रतिभाग कर सकेंगे। रोजगार मेले के लिए सेवायोजन पोर्टल पर कुल सात कंपनियों ने 900 रिक्त पदों की जानकारी दी है।
सहायक जिला सेवायोजन अधिकारी गुलाब चंद्र मौर्य ने बताया कि कंपनियों ने रिक्तियां जारी की हैं। विजय प्लेसमेंट सर्विस की ओर से टाटा मोटर्स, एमआरएफ टायर्स और टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स के लिए अहमदाबाद और बहराइच में 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग के हाईस्कूल उत्तीर्ण 400 युवाओं को 20 हजार रुपये वेतन पर नौकरी मिलेगी।
ब्राइट फ्यूचर ऑर्गेनिक हर्बल्स एंड आयुर्वेदिक की ओर से ब्लॉक ऑफिसर एवं एरिया मैनेजर पद के लिए गोंडा में स्नातक पास 65 युवाओं को 21 हजार रुपये मासिक वेतन पर चयनित किया जाएगा। डस्की स्टेलिन एजुकेशन एंड ट्रेनिंग सर्विसेस में फरीदाबाद, रोहतक और सोनीपत में प्रोडक्शन विभाग के लिए आईटीआई पास 18–30 आयु वर्ग के 80 युवाओं का चयन 15,500 रुपये वेतन पर किया जाएगा। इसके अलावा स्किल वेंचर्स, शिवशक्ति एग्रीटेक, पुखराज हेल्थ केयर व जेबी इंडस्ट्रीज की ओर से अयोध्या, लखनऊ, रायबरेली, आगरा, फर्रुखाबाद, अंबेडकरनगर सहित अन्य जनपदों में भी विभिन्न पदों पर भर्ती की जाएगी।
रोजगार मेला पूरी तरह निशुल्क
सहायक जिला सेवायोजन अधिकारी ने बताया कि रोजगार मेले में भाग लेने के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा। यदि कोई कंपनी प्रतिनिधि पैसे की मांग करता है तो तत्काल जिला सेवायोजन कार्यालय में सूचना दें। ऐसे मामलों में संबंधित संस्था को ब्लैकलिस्ट करने के साथ ही विधिक कार्रवाई की जाएगी।