गोंडा। ग्राम रोजगार सेवकों की हड़ताल के समर्थन में अब वीबी-जीरामजी कर्मचारी महासंघ भी उतर आया है। महासंघ के आह्वान पर बृहस्पतिवार से अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी, तकनीकी सहायक, कंप्यूटर ऑपरेटर और लेखा सहायकों समेत सभी संवर्गों के कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया। इससे गांवों में रोजगार सृजन का काम प्रभावित हो रहा है।
जिले में 23 से 30 नवंबर तक 4.29 लाख मानव दिवस सृजन का लक्ष्य है। इसके तहत प्रतिदिन 61,303 मानव दिवस सृजित किए जाने हैं लेकिन 23 से 26 नवंबर की शाम चार बजे तक महज 2753 मानव दिवस का सृजन हुआ। जिले में 1.45 लाख सक्रिय श्रमिक हैं, जिन्हें साल में 125 दिन रोजगार उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी विभाग की है।
धनौरा के श्रमिक बिहारी लाल और रामदेव का कहना है कि गांव में काम नहीं मिलने से परिवार का भरण-पोषण मुश्किल हो रहा है। अभियान के बावजूद रोजगार नहीं मिल रहा है।
उपायुक्त श्रम एवं रोजगार जेपी यादव ने बताया कि ग्राम रोजगार सेवकों की हड़ताल से अभियान प्रभावित हो रहा है। श्रमिकों को रोजगार दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
वेतन विसंगति और नीतिगत मांगों पर नाराजगी
महासंघ ने डीएम, सीडीओ और उपायुक्त श्रम एवं रोजगार को पत्र देकर कार्य बहिष्कार की सूचना दी है। कर्मचारियों ने वेतन विसंगति दूर करने, मानव संसाधन नीति लागू करने और सामाजिक सुरक्षा व चिकित्सीय सुविधाएं देने की मांग उठाई है। अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी गिरिजेश कुमार पांडेय को मुख्यालय से संबद्ध किए जाने पर भी नाराजगी जताई है। मांगें पूरी नहीं होने पर दो दिसंबर से लखनऊ के ईको गार्डन में धरना देने की चेतावनी दी है।