धानेपुर/गोंडा। भीषण गर्मी और तेज धूप के बीच धानेपुर विद्युत उपकेंद्र के बाबागंज फीडर से जुड़े कई गांवों में 13 दिन बाद भी बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है। चार मई को आई आंधी और बारिश के दौरान बिजली व्यवस्था ध्वस्त हो गई थी, जिसके बाद से हजारों उपभोक्ता परेशान हैं। हालात यह हैं कि ग्रामीणों को बिजली के खंभे की ढुलाई के लिए चंदा तक जुटाना पड़ रहा है।
पूरेनेवल पहड़वा निवासी दुर्गेश पांडेय ने बताया कि कई दिनों तक शिकायत के बावजूद सुनवाई नहीं हुई। भीषण गर्मी में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग परेशान हैं। मजबूरी में ग्रामीणों ने 50-50 रुपये चंदा कर बिजली का खंभा मंगवाया और लगवाया। आरोप है कि दो दिनों से ट्रांसफार्मर में डालने के लिए तेल तक उपलब्ध नहीं हो पा रहा है और अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं।
उज्जैनी कला के मुख्तार ने बताया कि याकूबगंज बाजार समेत आसपास के गांवों में बिजली न रहने से कारोबार प्रभावित हो गया है। विशंभरपुर बैराठपुर निवासी राकेश गुप्त ने बताया कि बंधुकपुरवा में लगे ट्रांसफार्मर में अब तक तेल नहीं डाला जा सका है।
धानेपुर नगर पंचायत के वार्ड-5 के सभासद पवन तिवारी ने बताया कि टहलुवनपुरवा में ट्रांसफार्मर न लग पाने से आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी है। वहीं, उज्जैनी कला के ज्ञानप्रकाश श्रीवास्तव ने कहा कि बिजली न होने से बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है और गर्मी में लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया है। एसडीओ शेषमणि त्रिपाठी ने बताया कि बाबागंज फीडर से जुड़े क्षेत्रों में बिजली बहाली का कार्य जारी है और जल्द आपूर्ति शुरू होने की उम्मीद है।