फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भाजपा समर्थित 11 प्रमुख का निर्विरोध तय

विज्ञापन
विज्ञापन
गोंडा। जिला पंचायत अध्यक्ष के बाद ब्लॉक प्रमुख के चुनाव में भी भाजपा का दबदबा कायम रहा। 15 ब्लाकों में प्रमुख पदों के लिए गुरुवार को नामांकन में दस ब्लाकों में सिर्फ भाजपा के प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया। इटियाथोक ब्लाक में सपा प्रत्याशी का नामांकन पत्र निरस्त हो गया। जिससे 11 ब्लाक प्रमुख के निर्विरोध निर्वाचन का रास्ता साफ हो गया है। चार ब्लाकों में भाजपा के सामने सपा प्रत्याशियों ने नामांकन किया है। शुक्रवार को नाम वापसी के बाद इन ब्लाकों की स्थिति साफ होगी। रूपईडीह ब्लाक में सपा का दबदबा दिख रहा है, एक यही ब्लाक सपा के खाते में जाने की संभावना बनती दिख रही है।
विज्ञापन

जिले में ब्लाक प्रमुख के चुनाव की घोषणा से पहले भाजपा ने जीत का खाका खींच लिया था। भाजपा ने नीति में बदलाव करते हुए विधायक और सांसदों के परिजनों को प्राथमिकता दी है। नामांकन में भाजपा की रणनीति सफल होते दिखी। पहले ही दस सीटों पर निर्विरोध निर्वाचन की रणनीति तैयार कर ली गई थी और यही हुआ भी। दस ब्लाकों में तो रणनीति के तहत सिर्फ भाजपा के प्रत्याशियों ने ही नामांकन किया। इटियाथोक ब्लाक में मेहनौन विधायक विनय कुमार द्विवेदी की पत्नी पूनम द्विवेदी के सामने सपा से द्ददन खां ने नामांकन किया था, लेकिन नामांकन पत्रों की जांच में पर्चा खारिज हो गया। इटियाथोक में भी निर्विरोध निर्वाचन तय हो गया है।
भाजपा के 11 प्रत्याशियों का निर्विरोध चुना जाना तय हो गया है। सपा के खाते में एक ब्लॉक पर जीत मिलने की संभावना जताई जा रही थी। यह अलग बात है कि वहां पर भाजपा का प्रत्याशी मैदान में हैं। माना जा रहा है कि रूपईडीह ब्लाक में सपा भारी रहेगी। इसके पीछे पूर्व मंत्री स्व. विनोद कुमार उर्फ पंडित सिंह के प्रति लोगों की संवेदना बताई जा रही है। इसके अलावा भाजपा दस ब्लाकों में बिना चुनाव के जीत दर्ज कराने में सफल रही है। नाम वापसी के बाद पांच अन्य ब्लाकों की स्थिति साफ होगी।
विज्ञापन

इन सीटों पर होगा निर्विरोध निर्वाचन
नामांकन के दौरान 11 ब्लाकों में भाजपा प्रत्याशियों के निर्विरोध तय है। इटियाथोक में सपा प्रत्याशी का नामांकन खारिज होने से मेहनौन विधायक विनय द्विवेदी की पत्नी पूनम द्विवेदी के प्रमुख बनना तय हो गया। सिर्फ भाजपा प्रत्याशियों के नामांकन करने दस ब्लाकों में निर्विरोध निर्वाचन तय हो गया है। कैसरगंज सांसद बृजभूषण शरण सिंह केे छोटे भाई की पत्नी अरुंधती सिंह नवाबगंज, विधायक प्रेम नरायन पांडे के पुत्र मनोज पांडे तरबगंज, पूर्व जिला पंचायत सदस्य राजेंद्र प्रताप सिंह उर्फ गुड्डू सिंह बेलसर, परसपुर में प्रियंका सिंह, करनैलगंज में तिलफा देवी, पंडरीकृपाल में पूर्व प्रमुख राजीव सिंह उर्फ बिट्टू सिंह की समर्थित प्रियंका गौतम, छपिया में भाजपा नेता अनिल पासवान उर्फ नीलू पासवान, मनकापुर में जगदेव चौधरी, वजीरगंज में अनीता यादव तथा झंझरी में युवा भाजपा नेता आशीष मिश्र उर्फ नीशू की मां रेखा मिश्रा का निर्विरोध निर्वाचन तय माना जा रहा है।
यहां बनेगी चुनाव की स्थिति
बभनजोत, कटरा बाजार, रूपईडीह व हलधरमऊ में अभी चुनाव की स्थिति है। शुक्रवार को नाम वापसी से स्थिति स्पष्ट होगी।
कटरा बाजार व गौरा विधायक की प्रतिष्ठा फंसी
- ब्लाक प्रमुख चुनाव में दो विधायकों की प्रतिष्ठा फंस गई है। कटरा बाजार से भाजपा विधायक बावन सिंह काफी प्रयास के बाद अपने क्षेत्र में एक भी ब्लाक का निर्विरोध निर्वाचन नहीं करा पाए। यहां तक हलधरमऊ ब्लाक में उनकी बहू रिचा सिंह ही चुनाव लड़ रहीं हैं। उनके सामने तीन और प्रत्याशियों ने नामांकन कर रखा है। इसके अलावा कटरा बाजार में भाजपा प्रत्याशी भवानी भीख शुक्ल के सामने भी सपा प्रत्याशी पंकज गोस्वामी ने नामांकन किया है। रूपईडीह में भाजपा प्रत्याशी सरोज तिवारी के सामने सपा से पूर्व मंत्री स्व. पंडित सिंह की अनुज वधू बबिता सिंह मैदान में हैं। साथ ही बभनजोत में गौरा विधायक प्रभात वर्मा की अनुज वधू मधुलिका पटेल ने नामांकन किया है। यहां पर सपा के पूर्व विधायक राम प्रताप सिंह ने पार्टी की ओर से माया यादव का नामांकन करा दिया है।हालांकि माना जा रहा है कि केवल रुपईडीह को छोड़कर 15 में से 14 पर भाजपा का ही परचम लहराएगा।
भाजपा नेताओं ने झोंकी ताकत
ब्लाक प्रमुख के चुनाव में नामांकन के दौरान भाजपा नेता पूरी ताकत से जुटे रहे। नवाबगंज में समाज कल्याण मंत्री रमापति शास्त्री, तरबगंज व बेलसर में प्रेम नरायन पांडे नामांकन के दौरान रहे। छपिया व मनकापुर में सांसद कीर्तिवर्धन सिंह उर्फ राजा भैय्या, हलधरमऊ व कटरा में विधायक बावन सिंह, इंटियाथोक में मेहनौन विधायक विनय द्विवेदी, करनैलगंज में कुवंर अजय प्रताप सिंह उर्फ लल्ला भैय्या, झंझरी में जिला पंचायत अध्यक्ष धनश्याम मिश्र समेत पार्टी के नेताओं ने नामांकन में भाग लिया। कार्यकर्त्ताओं का उत्साह बढ़ाया।
रूपईडीह में सपा ने दिखाई ताकत, कई नेता जुटे
- ब्लॉक प्रमुख चुनाव में सबसे ज्यादा शोर सपा नेताओं ने भले ही कटरा में मचाया हो, लेकिन नामांकन में उत्साह रूपईडीह में देखने को मिला। सपा नेता सूरज सिंह की अपील पर काफी संख्या में लोग नामांकन कराने पहुंचे। पूर्व मंत्री स्व. पंडित सिंह के छोटे भाई महेश सिंह की पत्नी बबिता सिंह ने रूपईडीह से ब्लाक प्रमुख का नामांकन किया है। मेहनौन की पूर्व विधायक नंदिता शुक्ला, नरेंद्र सिंह, एमएलसी महफूज खां समेत पार्टी के कई दिग्गज नेता मौजूद रहे। माना जा रहा है कि रूपईडीह ब्लाक में सपा की तैयारी पहले से है, और गुरुवार को उत्साह भी देखने को मिला।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें