गोंडा। जिलाधिकारी और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के बीच का चल रहा गतिरोध थमने का नाम नहीं ले रहा है। एसीएमओ के इस्तीफे इस मामले में 16 सीएचसी अधीक्षकों समेत 19 डॉक्टरों अपना इस्तीफा सीएमओ को सौंप दिया है। जिले के चिकित्सक डीएम की मनमानी अभद्र व्यवहार से नाराज हैं। पीएमएस (प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ) के पदाधिकारियों ने दावा किया है कि जल्दी जिले के सभी सरकारी डॉक्टर अपने पदों से इस्तीफा देंगे।
पीएमएस पदाधिकारियों ने बताया कि समीक्षा बैठक में डीएम के अभद्र व्यवहार से नाराज अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एपी सिंह ने बुधवार को इस्तीफा दे दिया था। इसकी जानकारी के बाद बुधवार देर रात तक 16 सीएचसी अधीक्षकों ने भी डॉ. सिंह के साथ हुए दुर्व्यवहार पर रोष जताते हुए सामूहिक इस्तीफा सीएमओ को भेज दिया। इसके बाद गुरुवार को भी तीन और स्वास्थ्य अधिकारियों इस्तीफा दे दिया।
गुरुवार एसीएमओं डॉ मलिक आलमगीर, एसीएमओ डॉ जयगोविंद तथा डिप्टी सीएमओ डॉ मनोज कुमार ने अपना इस्तीफा सीएमओ को सौंपा। पीएमएस जिला इकाई के अध्यक्ष डॉ टीपी जायसवाल का दावा है कि पीएमएस के समर्थन में जिले के सभी डॉक्टर व फार्मासिस्ट जल्दी सामूहिक इस्तीफा देंगे। कोविड प्रबंधन के लिए हर दिन शाम को होने वाली समीक्षा बैठक में जिलाधिकार के तीखे बोल चिकित्सकों को नागवार गुजर रहे हैं।
चिकित्सकों का आरोप है कि बैठक के दौरान जिलाधिकारी अतार्किक बातों का हवाला देते अपमानित करने का प्रयास करते हैं। यह बर्दाश्त से बाहर है। उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थिति में सरकार चिकित्सकों का सम्मान कर रही है और जिलाधिकारी अपमान। पीएमएस संघ ने साफ कहा है कि चिकित्सकों के सम्मान से कोई समझौता नहीं होगा। दूसरी तरफ निजी चिकित्सकों के संगठन आईएमए समेत स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े एक दर्जन से अधिक अन्य संगठनों ने भी जिलाधिकारी के खिलाप मोर्चा खोल दिया है।
काली पट्टी बांध कर करेंगे दो घंटे ओपीडी
जिलाधिकारी के दुर्व्यवहार से खिन्न सरकारी डॉक्टरों ने विरोध जताने के लिए कोरोना संक्रमण काल को देखते हुए हर रोज काली पट्टी बांध कर दो घंटे ओपीडी में काम करेंगे। पीएमएस संघ के अध्यक्ष डा. टीपी जायसवाल ने बताया कि विरोध जताने के बावजूद डीएम ने अपने आचरण में सुधार नहीं लाया तो जल्दी जिला अस्पताल व महिला अस्पताल से जुड़े सभी डॉक्टर व फार्मासिस्ट भी अपना सामूहिक इस्तीफा सौंपेंगे।
--
भ्रष्ट आचरण से ध्यान भटकाने की साजिश
स्वास्थ्य विभाग में बीते सालों में करोड़ों की अनियमितता हुई है। इसकी रोकथाम व आरोपियों की धरपकड़ को लेकर प्रशासन जीरो टालरेंस नीति के तहत कार्यवाही कर रहा है। इसी कारण भ्रष्ट आचरण से ध्यान भटकाने को लेकर कुछ लोग मामूली बात को तूल देकर डॉक्टरों को भड़काने का काम कर रहे हैं। डीएम स्तर पर हर विभाग की बैठक होती है, किसी अन्य विभाग से कभी भी कोई ऐसी बात सामने नहीं आयी। स्वास्थ्य विभाग को बेहतर बनाने के लिए सख्ती से कार्य करने में प्रशासन जुटा है।
मार्कंडेय शाही, जिलाधिकारी