गोंडा। भारतीय रेलवे में करीब एक दशक के बाद कर्मचारी यूनियन की मान्यता को लेकर चुनाव कराया जा रहा है। तीन दिवसीय मतदान के क्रम में बुधवार को 998 वोट डाले गए। चुनाव को लेकर बनाए गए पांच केंद्रों पर गहमागहमी रही।
रेलवे यूनियन की मान्यता के लिए सन 2014 के बाद दिसंबर 2024 में चुनाव हो रहे हैं। करीब 10 वर्ष के बाद हो रहे चुनाव में विभिन्न यूनियन के नेता व कार्यकर्ता ने अपने संगठन को जीत दिलाने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा रहे हैं। मतदान के लिए जिले में पांच केंद्र बनाए गए हैं। गोंडा रेलवे यार्ड में आरओएच डिपो, लोको शेड, संयुक्त रेलवे कार्यालय, मनकापुर व करनैलगंज रेलवे स्टेशन पर बुधवार को बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने मतदान दिया।
चुनाव अधिकारी एसपी श्रीवास्तव ने बताया कि पंजीकृत मतदाताओं की संख्या 2200 है। बुधवार को कुल 998 वोट पड़े हैं। बृहस्पतिवार व शुक्रवार को भी मतदान होगा।