गोंडा। जिले के 503 पंचायतों में पहले चरण में नवनिर्वाचित प्रधानों ने वर्चुअल शपथ ग्रहण किया। मंगलवार को दो चरणों में जिले की पंचायतों में शपथ ग्रहण की गूंज रही। ब्लॉक के अधिकारियों ने प्रधानों को शपथ कराने के साथ कोरोना महामारी के खिलाफ एकजुट होकर प्रयास करने की अपील की। जिलाधिकारी मार्कंडेय शाही ने कहा कि पंचायतों के नवनिर्वाचित प्रधानों के शपथ की कार्रवाई बुधवार को पूरी हो जाएगी। साथ ही पहली बैठक में विकास का खाका खींचा जाएगा। कहा कि हर गांव में कोरोना महामारी के खिलाफ अभियान शुरू किया जा रहा है। इसमें प्रधानों की भूमिका अहम होगी।
जिले में 1205 ग्राम प्रधान, 15293 सदस्य ग्राम पंचायत, 1612 बीडीसी व 65 जिला पंचायत सदस्य पद के चुनाव हुए थे, जिसमें 9 ग्राम प्रधान, 122 बीडीसी व 9222 सदस्य ग्राम पंचायत निर्विरोध निर्वाचित हुए। इसमें से पांच पंचायतों के ग्राम प्रधानों की मौत हो गई और 363 पंचायतों में सदस्यों का कोरम पूरा न होने से शपथ नही हो सका है। 842 पंचायतों में ही सरकार का गठन हो रहा है। इसके तहत मंगलवार को 503 पंचायतों में शपथ हो गया है और गुरुवार को 339 पंचायतों के सदस्यों एवं प्रधानों का शपथ होगा।
गुरुवार को पंचायतों की खुली बैठक में विकास के साथ कोरोना महामारी से मुक्ति के अभियान की रणनीति तैयार होगी। सीडीओ शशांक त्रिपाठी ने बताया कि पंचायतों के गठन के बाद विकास की योजनाओं को रफ्तार मिलेगी। रूपईडीह की बीडीओ वर्षा सिंह ने ब्लाक में चल रहे शपथ ग्रहण कार्यक्रम में वर्चुअल प्रतिभाग किया।