परसपुर। पसका बाजार निवासी राजेंद्र गुप्ता (62) शुक्रवार सुबह संतुलन बिगड़ने के कारण सरयू पुल से नदी में गिर गए। डूबने से उनकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव को नदी से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
राहुल गुप्ता ने बताया कि उनके पिता राजेंद्र गुप्ता की बृहस्पतिवार रात तबीयत खराब हो गई थी। प्रतिदिन की तरह वह शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे सरयू घाट की ओर टहलने निकले थे। कुछ देर टहलने के बाद बाद वह सरयू पुल की रेलिंग पर बैठ गए। इस दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वह सरयू नदी में गिर गए। गहरे पानी में डूबने से उनकी मौत हो गई। माॅर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने वृद्ध को पुल से गिरते देख शोर मचाया।
पुलिस से सूचना पाकर मौके पर एसडीआरएफ और अग्निशमन विभाग की टीम पहुंच गई। काफी तलाश के बाद सुबह करीब 10 बजे स्थानीय गोताखोरों ने नदी से शव को बाहर निकाला। थानाध्यक्ष कमल शंकर चतुर्वेदी ने बताया कि छानबीन के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।