झंझरी। अयोध्या मार्ग पर खोरहंसा बाजार के पास रविवार देर रात पिकअप और ई रिक्शा की टक्कर हो गई। हादसे में ई रिक्शा पलटने से उसमें सवार वृद्ध की मौत हो गई, जबकि उनका चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया।
वजीरगंज के नौबस्ता लोहारन डीहा के ओझा पुरवा निवासी जगदंबा (60) अपने चचेरे भाई राकेश तिवारी (40) निवासी राजगढ़ थाना मोतीगंज के साथ रविवार रात 10 बजे शहर से ई रिक्शा से घर लौट रहे थे। जगदंबा अपने बेटे शैलेंद्र उर्फ निर्वाचन को सूरत जाने वाली ट्रेन में बैठाने के लिए चचेरे भाई राकेश तिवारी के साथ गोंडा रेलवे स्टेशन गए थे। लौटते समय खोरहंसा बाजार के पास अयोध्या की ओर से आ रही पिकअप से ई रिक्शा की टक्कर हो गई। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। खोरहंसा चौकी की पुलिस ने दोनों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। इलाज के दौरान जगदंबा की मौत हो गई। राकेश की हालत गंभीर बनी हुई है। नगर कोतवाल विंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।