गोंडा। जिगर इंटर कॉलेज में चल रहे मुलायम सिंह यादव स्मृति गोंडा प्रीमियर लीग (जीपीएल) नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला शुक्रवार रात खेला गया। गोंडा पुलिस लाइन व एकता इलेवन भोपाल की टीम के बीच फाइनल मुकाबला हुआ। इसमें भोपाल की टीम ने जीत दर्ज की।
भोपाल की टीम ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया। इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरी गोंडा पुलिस लाइन की शुरुआत अच्छी रही। गोंडा पुलिस लाइन की टीम ने निर्धारित 10 ओवर में 6 विकेट खोकर 120 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी भोपाल की टीम की शुरुआत अच्छी रही लेकिन बीच के ओवर में गोंडा पुलिस लाइन ने चार विकेट चटकाकर भोपाल की टीम को बैकफुट पर लाकर खड़ा कर दिया। मैच अंतिम ओवर में पहुंच गया। जीतने के लिए 19 रन चाहिए थे। नौ नंबर बल्लेबाजी करने आए प्रिंस वर्मा ने चमत्कारी बल्लेबाजी करके आखिरी ओवर में 19 रन जड़कर भोपाल के सिर पर जीत का सेहरा बांधा।
जीत के बाद दर्शकों ने प्रिंस वर्मा को कंधे पर बैठाकर पूरे ग्राउंड में चक्कर लगाया। मुख्य अतिथि समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल व पूर्व लोकसभा प्रत्याशी श्रेया वर्मा ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। खिलाड़ियों को विनर कप व तीन लाख रुपये का चेक देकर सम्मानित किया गया। मैन ऑफ द सीरीज भोपाल टीम के केडी व मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार प्रिंस वर्मा को मिला।