झंझरी (गोंडा)। रेलवे में टीसी की नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक व्यक्ति से आठ लाख रुपये ठग लिए गए। पीड़ित ने अदालत के आदेश पर नगर कोतवाली में पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पथवलिया निवासी कृष्ण नारायण तिवारी ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा कि मीरा सोसायटी, शंकर सेठ रोड, पुणे, महाराष्ट्र निवासी संजीवनी नीलेश पाटने से कुछ दिनों पहले मुलाकात हुई थी। संजीवनी ने अपने साथी शुभम भाष्कर, प्रभाकर कांबले, धनंजय तांबे व एक अन्य साथी से महाराष्ट्र में मुलाकात कराई थी। सभी ने कहा कि उनकी रेलवे बोर्ड के अधिकारियों से पहचान है और वह टीसी की नौकरी दिला देंगे। इसके लिए आठ लाख रुपये लगेंगे। पहले लिखित परीक्षा होगी। उसके बाद जॉइनिंग होगी।
पांचों लोगों के झांसे में आकर आठ लाख रुपये दे दिए। नौकरी नहीं मिली तो रकम का तगादा करने पर आरोपियों ने दुष्कर्म के केस में फंसाने की धमकी दी। नगर कोतवाल विवेक त्रिवेदी ने बताया कि अदालत के आदेश पर पांच आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। (संवाद)