पुतला फूंकते प्रदर्शन कर रहे लोग।
गोंडा। सिंधी समाज आराध्य देवों और जनसंघ के संस्थापक नेताओं के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले छत्तीसगढ़ क्रांति सेना के अध्यक्ष अमित बघेल की जुबान काटने वाले को पांच लाख रुपये का इनाम देगा। यह घोषणा बुधवार को नगर के झूलेलाल धर्मशाला में सिंधी समाज के युवा नेता दिनेश ठक्कुर ‘दीनू’ ने की।
सिंधी काउंसिल ऑफ इंडिया के प्रदेश उपाध्यक्ष जगदीश रायतानी ने कहा कि अमित बघेल की ओर से सिंधी और अग्रवाल समाज के आराध्य देवों के खिलाफ की गई टिप्पणी संपूर्ण सनातनी हिंदुओं की आस्था पर भी चोट है। उन्होंने आह्वान किया कि देशभर के सनातनी हिंदू, सिंधी और अग्रवाल समाज के आराध्य देवों तथा जनसंघ के संस्थापक नेताओं श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के खिलाफ की गई टिप्पणी का विरोध करें।
श्री झूलेलाल सिंधी धर्मार्थ समिति की ओर से प्रधानमंत्री को संबोधित एक मांगपत्र तहसीलदार को सौंपा गया, जिसमें अमित बघेल के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की गई है। नगर की अनेक महिलाओं और पुरुषों ने जुलूस निकालकर झूलेलाल चौराहे पर अमित बघेल का पुतला फूंका और मुकदमा दर्ज कराने के लिए कोतवाली नगर पहुंचकर सीओ सिटी को तहरीर दी।
बताया कि 26 अक्तूबर को छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के वीआईपी चौक पर लगी ‘छत्तीसगढ़ महतारी’ की मूर्ति को एक मानसिक रूप से बीमार युवक ने तोड़ दिया था। इसके बाद छत्तीसगढ़ क्रांति सेना ने विरोध प्रदर्शन किया। अगले दिन विरोध के दौरान अमित बघेल ने आपत्तिजनक टिप्पणी की थी।