करनैलंगज के प्राथमिक विद्यालय धौरहरा में एक पढ़ी लिखी बालिका रूबी से ध्वजारोहण कराया गया। इस बालिका को समस्त छात्राओं ने तिलक किया माला पहनकर स्वागत किया। छात्रा सौम्या व अन्य ने स्वागत गीत गाया। रूबी को एसएमसी (स्कूल मैनेजमेंट कमेटी) के अध्यक्ष नकछेद और आदर्श अध्यापक रवि प्रताप सिंह ने रानी लक्ष्मी बाई की तस्वीर देकर सम्मानित किया।
रूबी के पिता गरीब किसान हैं। इस बालिका ने गरीबी में इंटरमीडिएट की पढ़ाई की है। आगे की पढ़ाई के लिए फीस की समस्या के कारण यह बालिका नहीं पढ़ पा रही है। आयोजित कार्यक्रम में बच्चों ने कई मनमोहक प्रस्तुति दी। बिरहा सुनाने वाले छात्र को विशेष पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
इसमें भजन, नाटक, गीत, पहेलियां, चुटकुले आदि शामिल रहे। बच्चों को कैरम, लूडो, रस्सी कूद बैडमिंटन आदि खेल भी खिलाया गया। चित्रकला प्रतियोगिता के तिरंगा बनाने वाले छात्रों को भी पुरस्कार दिया गया। इस बार का कार्यक्रम बालिका शिक्षा व डॉक्टर कलाम पर आधारित था।
इसके साथ साथ स्कूल की बालिका कोमल को पावर एंजिल की उपाधि से नवाजा गया। यह उपाधि झंडारोहण करने वाली छात्रा रूबी ने ही कोमल को बैज लगा कर दिया।
आजादी का जश्न समारोह पूर्वक बड़े ही धूमधाम से मनाया गया। आजादी के दीवानों को याद कर उन्हें नमन किया गया। तहसील परिसर में एसडीएम वीके सिंह ने ध्वजारोहण किया तथा एक गोष्ठी का आयोजन भी किया गया जिसमें तहसीलदार महेन्द्र किशोर मिश्रा, नायब नवीन प्रसाद तथा सीओ सबीहुल हम्द सहित तमाम अधिवक्ता व तहसील कर्मचारियों ने हिस्सा लिया।
नगर पालिका में चेयरमैन शमीम अच्छन व ईओ ने ध्वज फहराया तथा समारोह आयोजित किया गया। कोतवाली में कोतवाल बृजकिशोर यादव ने ध्वज फहराकर सलामी दी एसएसआई विजयेन्द्र सिंह, एसआई अशोक कुमार रमेशचन्द्र, मनोज राव, सन्तोष पासवान आदि मौजूद रहे।
बीआरसी परिसर में केन्द्रीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक दिनेश कुमार सिंह व मांडल स्कूल के प्रधानाध्यापक नागेन्द्र मणि त्रिपाठी ने ध्वजारोहण किया। कन्हैया लाल इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य राधेश्याम मिश्र ने ध्वज फहराया।
राजकीय आश्रम पद्धति इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य राधेश्याम चौधरी, किसान इंटर कॉलेज भंभुआ में प्रधानाचार्य धर्मवीर सिंह, बाबा बालकराम उत्तर माध्यमिक विद्यालय, विवेकानन्द उ.मा. विद्यालय, एसीएल कम्प्यूटर संस्थान सहित तमाम शिक्षण संस्थाओं में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। बच्चों को मिठाइयां व फलों का वितरण हुआ।