कटरा बाजार। क्षेत्र में एक कंपनी के लिथियम बैटरी वाले ई रिक्शों के रास्ते में अचानक बंद हो जाने से चालक काफी परेशान हैं। पिछले दो-तीन दिन में करीब एक हजार चालक इस समस्या से प्रभावित हुए हैं। कस्बे की एजेंसियों में बैटरी अनलॉक कराने वालों की भीड़ लग रही है।
चालकों का कहना है कि चलते समय अचानक ई रिक्शा की बिजली आपूर्ति बंद हो जाती है। इसके चलते वाहन बीच सड़क पर रुक जाता है। ऐसा होने से दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है। साथ ही यात्रियों को भी परेशानी होती है।
शिवम, रोहित, अमन, राकेश, विकास, शमीम, राजू, राजदेश और अभिषेक आदि ने बताया कि कुछ लोग मोबाइल में बैट बीएमएस एप का दुरुपयोग कर ब्लूटूथ के जरिये बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम (बीएमएस) से छेड़छाड़ की कोशिश करते हैं। इससे बैटरी की आपूर्ति बंद हो जाती है।
यह समस्या केवल बिना पर्याप्त सुरक्षा वाली ब्लूटूथ आधारित बैटरियों में आ रही है। ई रिक्शा व्यापारी मोनू ने बताया कि उनके शोरूम में दो दिन में चार सौ से अधिक चालक बैटरी अनलॉक कराने आ चुके हैं।