गुरुवार को कृषि उत्पादन मंडी समिति भगवतीगंज में नवनिर्वाचित ग्राम प्रधानों के एक दिवसीय प्रशिक्षण में खाता संचालन न होने से नाराज प्रधानों ने जमकर हंगामा किया। प्रधान प्रशिक्षण का बहिष्कार करने पर डटे हुए थे। अधिकारियों के समझाने-बुझाने के बाद ग्राम प्रधान शांत हुए। बाद में प्रधानों को प्रशिक्षण संबंधी जानकारी दी गई।
ग्राम प्रधान दल बहादुर सिंह, डॉ. जब्बार, सौरभ तिवारी, राजन, मतीन, राकेश, बब्लू उपाध्याय, आरजू व अजय आदि ने खातों का संचालन शुरू न होने पर कड़ी नाराजगी जताते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्राम प्रधानों ने आरोप लगाया कि अभी तक खातों का संचालन न होने से तमाम विकास कार्य शुरू नहीं हो सके हैं। प्रशिक्षण में मौजूद अफसरों ने समझा-बुझाकर ग्राम प्रधानों को शांत कराया।
सीडीओ आईएएस रवीश गुप्ता ने प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारम्भ करते हुए कहा कि गांवों के विकास में कोई कोताही नहीं बरती जाएगी। सभी ग्राम पंचायतों में समान रूप से विकास कार्य कराए जाएंगे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सदर विधायक जगराम पासवान ने नवनिर्वाचित ग्राम प्रधानों को प्रदेश सरकार की योजनाओं से अवगत कराया। कार्यक्रम आयोजक डीपीआरओ उपेन्द्र राज सिंह ने कहा कि डीएम प्रीति शुक्ला के निर्देश पर नवनिर्वाचित ग्राम प्रधानों को एक दिवसीय प्रशिक्षण दिलाया गया।
सभी नवनिर्वाचित प्रधान अपनी ग्राम पंचायतों में पंचायती राज प्रावधानों के तहत विकास कार्य कराने में जुट जाएं। कलाकारों ने गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन सदर ब्लॉक के एडीओ पंचायत पवन कुमार श्रीवास्तव ने किया।
एलईडी वैन के माध्यम से प्रशिक्षण में मौजूद ग्राम प्रधानों को सरकार की योजनाओं के बारे में फिल्म दिखाकर जानकारी दी गई। परियोजना अर्थशास्त्री बीके श्रीवास्तव, जिला कृषि अधिकारी अमित कुमार चौबे, जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी डीडी सिंह, मनरेेेगा उपायुक्त शेषमणि सिंह, केसी श्रीवास्तव, अमित कुमार श्रीवास्तव व योगेश कुमार ने सभी ग्राम प्रधानों को प्रशिक्षण के माध्यम से गांवों में विकास के क्षमता को बढ़ाने की जानकारी दी।