गोंडा। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में लाखों डुप्लीकेट मतदाताओं के सत्यापन में लापरवाही सामने आई है। डीएम ने सभी बीडीओ व एडीओ पंचायत को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। वहीं, एडीएम ने सभी एसडीएम को डुप्लीकेट मतदाताओं के सत्यापन की प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
राज्य निर्वाचन आयोग ने जिले की मतदाता सूची में 3.63 लाख डुप्लीकेट मतदाता चिह्नित किए। इसके बाद सत्यापन के लिए जरूरी दिशा-निर्देश दिए। बीते 18 नवंबर की समीक्षा में पता चला कि कुल 44,071 मतदाताओं का ही सत्यापन हो सका है। बाकी का सत्यापन नहीं हो सका है। ऐसे में आयोग के अधिकारियों ने नाराजगी जताई। डीएम प्रियंका निरंजन ने बताया कि झंझरी, पंडरीकृपाल, मुजेहना, इटियाथोक, रुपईडीह, मनकापुर, छपिया, बभनजोत, तरबगंज, बेलसर, वजीरगंज, नवाबगंज, करनैलगंज, परसपुर, कटरा बाजार व हलधरमऊ के बीडीओ व एडीओ पंचायत को कारण बताओ नोटिस जारी करके स्पष्टीकरण तलब किया है। वहीं, एडीएम आलोक कुमार ने बताया कि सभी एसडीएम को पांच दिसंबर तक काम पूरा करने के निर्देश दिए हैं। (संवाद)