गोंडा के नगर कोतवाली में रखी पकड़ी गई दवाएं।
- फोटो : GONDA
गोंडा। कोतवाली नगर पुलिस ने सोमवार को शहर के सद्भावना चौराहे के पास एक कार से नशीली दवाओं को जखीरा बरामद किया है। पुलिस को देखकर कार सवार तस्कर कार छोड़कर फरार हो गए। पुलिस को कार से 1500 से अधिक नशीला इंजेक्शन व टैबलेट मिला है। पुलिस ने नशीले इंजेक्शन, दवाइयों को सीज कर दिया है, जबकि इंडिका कार को कोतवाली ले आई है। नशे का कारोबार खादी की आंड़ में चल रहा था। नशे का कारोबार करने वाले मुख्य आरोपी की तलाश में पुलिस ने फैजाबाद रोड के कई ठिकानों पर छापा मारा। मगर वह पुलिस के हाथ नहीं लग सका। पुलिस नशे के कारोबार से जुड़े खादीधारी समेत इस रैकेट के सभी लोगों को खंगालने में जुुटी है।
कोतवाली नगर के प्रभारी निरीक्षक आलोक राव ने बताया कि चौकी प्रभारी सद्भभावना दिलीप कुुमार उपाध्याय सोमवार को चौकी के समीप वाहन की चेकिंग कर रहे थे। इसी बीच सूचना मिली एक कार में कुछ लोग नशीले इंजेक्शन व नशीली दवाइयों को तस्करी के जरिए गैर जनपद से गोंडा लाए हैं। इसी बीच एक इंडिका कार आती दिखाई पड़ी जिसे रोका गया तो कार सवार भाग निकले। कार की तलाशी के दौरान कार से 1500 लेजिसिक इंजेक्शन व 250 से अधिक नशीली टेबलेट बरामद हुई है। जिसे सीज कर दिया गया है। पुलिस बरामद इंडिका कार को कोतवाली ले आई है।
पुलिस का कहना है कि कार पंजीयन नंबर के अधार पर नशे के कारोबार करने वाले का पता चल गया है। खादी की आंड़ में नशीले इंजेक्शन व नशीली दवाइयों को कारोबार चल रहा था। नशीली दवाइयों का जखीरा बरामद होने पर हरकत में आई पुलिस ने इसके कारोबारी की तलाश में फैैजाबाद रोड के कई ठिकानों पर छापा मारा। मगर कारोबारी पुलिस के हाथ नहीं लग सका। पुलिस नशे के कारोबार से जुड़े खादीधारी समेत इस रैकेट के सभी लोगों को खंगालने में जुटी है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। आरोपियों की तलाशी के बाद पता चल सकेगा कि कारोबार से जुड़े लोग कहां से इन दवाइयों को तस्करी करके ला रहे है और इसके पीछे कौन लोग हैं।