गोंडा। नवरात्र की नवमी पर बुधवार को 12 चालक व परिचालक हवन करने चले गए। इससे लखनऊ, कानपुर व रगड़गंज, तरबगंज की 12 बसें नहीं चलीं। बसों का संचालन न होने से यात्री बस स्टेशन पर भटकते रहे।
वरिष्ठ केंद्र प्रभारी ज्योति ने बताया कि यहां चालकों व परिचालकों की कमी से 25 बसें कार्यशाला परिसर में खड़ी रहती हैं। नवरात्र की नवमी पर करीब 12 चालक व परिचालक हवन व कन्याओं को भोज कराने चले गए। इसलिए लखनऊ की पांच, कानपुर की छह व रगड़गंज तरबगंज की एक बस का संचालन नहीं हो पाया।
हुई परेशानी : बस के इंतजार में खड़े यात्री साहेबराम निवासी बरियार पुरवा व अभिषेक तिवारी निवासी पूरे बदल ने बताया कि वह करीब दो घंटे से बस का इंतजार कर रहे थे। साहेबराम ने बताया कि उनके परिवार का एक सदस्य लखनऊ में भर्ती है, डाॅक्टर शाम को ऑपरेशन करेंगे। ऑपरेशन के पैसों का इंतजाम करने घर आए थे। रात आठ बजे से पहले पहुंचना है। मगर लखनऊ के लिए बस नहीं मिली, नवरात्र की वजह से टैक्सी भी नहीं मिल रही है। अभिषेक ने बताया कि उन्हें रिश्तेदारी में जाना है, इसलिए रगड़गंज की बस का इंतजार कर रहे हैं। बस नहीं मिल रही है।