झंझरी। मेडिकल कॉलेज की बाउंड्रीवाल के पास शुक्रवार सुबह मैजिक वाहन में युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान उसके पास मिले आधार कार्ड से मनोज कुमार चौहान (30) निवासी टिकुरी मरकामऊ, थाना बदोसराय, बाराबंकी के रूप में हुई। पुलिस ने टिकुरी की ग्राम प्रधान आसिया खातून के माध्यम से परिजनों को सूचना दी। इस पर मनोज की पत्नी श्रीमती और बड़े भाई विनोद कुमार नगर कोतवाली पहुंचे।
बड़े भाई विनोद ने बताया कि मनोज मैजिक चालक थे। वह दो फरवरी को भाड़ा लादने के लिए घर से निकले थे, तब से नहीं लौटे थे। एएसपी (पूर्वी) मनोज रावत ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौत के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।
गोद में दुधमुंही बच्ची लिए बिलखती रही पत्नी
मनोज के परिवार में बड़े भाई विनोद, पत्नी श्रीमती और चार बेटियां अंशिका (7), अंशी (5), नंदिनी (3) व शिवानी (1) हैं। मां का काफी पहले और पिता शत्रोहन का चार वर्ष पूर्व निधन हो चुका है। पति की मौत की खबर सुनते ही पत्नी और बड़ी बेटियों अंशिका व अंशी का रो-रोकर बुरा हाल था, जबकि छोटी बेटियां नंदिनी और शिवानी इस बात से अनजान थीं कि उनके पिता अब इस दुनिया में नहीं रहे।