गोंडा। बिजली बिल राहत योजना के पहले चरण में अधिक छूट की चाहत में उपभोक्ताओं में उत्साह दिखाई दिया तो दूसरे चरण में सिर्फ 70 हजार उपभोक्ताओं ने ही पंजीकरण कराया है। शुक्रवार से तीसरे चरण की शुरुआत हो गई है। इस दौरान उपभोक्ताओं को 100 प्रतिशत सरचार्ज और 15 प्रतिशत तक छूट दी जाएगी।
देवीपाटन जोन के गोंडा, बहराइच, बलरामपुर व श्रावस्ती को मिलाकर कुल 9,21,806 उपभोक्ताओं पर 1785.49 करोड़ रुपये बिजली बिल की बकायेदारी थी। इसमें कभी भी भुगतान न कराने वाले, बिजली चोरी में फंसे व लंबे समय से भुगतान न करने वाले उपभोक्ताओं को योजना का लाभ दिया गया। एक दिसंबर से तीन जनवरी तक उपभोक्ताओं को 100 प्रतिशत सरचार्ज और 25 प्रतिशत मूल बिजली बिल में छूट दी गई।
इस दौरान 1,79,513 ने पंजीकरण कराकर 158.72 करोड़ रुपये जमा किया, जबकि चार जनवरी से पांच फरवरी तक दूसरे चरण चरण में सिर्फ 70,285 ने पंजीकरण कराया। इस दौरान 100 प्रतिशत सरचार्ज और 20 प्रतिशत छूट लिया है। देवीपाटन जोन के मुख्य अभियंता यदुनाथ यथार्थ का कहना है कि तीसरे चरण में योजना के तहत 100 प्रतिशत सरचार्ज और 15 प्रतिशत तक बिजली बिल राहत योजना की छूट मिलेगी।
मुख्य अभियंता यदुनाथ यथार्थ का कहना है कि उपभोक्ता किसी भी असुविधा से बचने के लिए योजना के तहत पंजीकरण कराके लाभ ले सकते हैं। कनेक्शन काटने के साथ ही तहसीलों के माध्यम से रिकवरी की कार्रवाई की जाएगी। इसकी जिम्मेदारी खुद संबंधित उपभोक्ता की होगी।