गोंडा। शहर के 19 नालों पर पीडब्लूूडी की 11 पुलिया बनी है। पुलियों के रखरखाव का कार्य सालों से विभाग ने नहीं किया। इससे पुलिया धंस गई है और इसके कारण नाले ब्लाक हो गए हैं। शहर का पानी अपने रफ्तार से नहीं निकल पा रहा है। इससे बारिश होने पर पूरा शहर तालाब जैसा लगने लगता है। नगर पालिका चेयरमैन ने कई बार पत्राचार के माध्यम से समस्या के बारे में अधिशासी अभियंता को अवगत कराया, कार्रवाई नहीं हुई।
पीडब्ल्यूडी द्वारा वर्षों पूर्व नगर के नालों पर पुलिया निर्माण कराया गया था। पुलिया पुरानी हो जाने के कारण जर्जर हो कर बैठ गई है। जिसके कारण शहर में जल जमाव की स्थिति हो गई है। कुछ स्थानों पर तो बरसात के बाद भी पानी नहीं निकल पाता है। पीडब्ल्यूडी को पूर्व में कई बार नगर पालिका द्वारा पत्र लिखा गया, लेकिन अभी तक इस समस्या को लेकर विभाग की कोई प्रतिक्रिया नहीं दिखाई दे रही। नगर पालिका चेयरमैन ने बताया कि पत्राचार कई बार हुआ इसके बाद रिमाइंडर भी दिया गया, लेकिन विभाग के जिम्मेदार की तरफ से कोई जवाब नहीं आया।
ये पुलिया हैं जर्जर
शहर के तरबगंज के रोड पर पुराना चुंगी नाका के सामने अलाउद्दीन बाबा के घर के पास, तरबगंज रोड पर देहात कोतवाली के पास मुंशीराम भाटिया की दुकान के सामने, चौक बाजार एकता चौराहा राजा साहब गेट के सामने पुलिया, उतरौला रोड गोविंदे लोहार के घर के बगल, उतरौला रोड स्थित रवि प्रकाश पांडे के बगल हैंडलूम की दुकान के बगल, जेल रोड पर आरटीओ आफिस के सामने, टामसन इंटर कॉलेज सुलभ शौचालय के पास भलाठिया मेडिकल स्टोर के सामने, बस स्टाफ पुलिस चौकी के बगल की पुलिया, स्टेशन रोड जगदीश आयरन के सामने चौराहा पर बड़ी पुलिया, बड़गांव क्षेत्र में सोनी बैंड के पास की पुलिया बैठ जाने के कारण पानी का निकास नहीं हो पाता है। जिससे आये दिन जलभराव की स्थिति बनी रहती है।
नाले नालियों पर अतिक्रमण के कारण नहीं हो पाती सफाई
जल जमाव की स्थिति का मुख्य कारण लोगों द्वारा नाले नालियों पर निर्माण कर लेना। जिसके कारण सफाई नहीं हो पाती है। शहर के 27 वार्डों की डेढ़ लाख आबादी को परेशानी का सामना उठाना पड़ता है। नगरपालिका की मानें तो आम लोग व नगर के दुकानदारों द्वारा नालियों पर छज्जा निकाल कर या अवैध अतिक्रमण कर लिया गया है। ना ले नालियों पर अतिक्रमण को लेकर नपाप द्वारा टीम बनाई गई लेकिन अभी तक इस पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। टीम और अभियान दोनों कागजों में दर्ज होकर बंद हो गये है। लेकिन अभी कुछ कार्रवाई नहीं सकी है।
साफ-सफाई की जिम्मेदारी नपाप की है। अगर जर्जर पुलिया पीडब्ल्यूडी की सड़क पर है तो उसको जांच करवाकर उसको सही कराया जायेगा। -जितेंद्र कुमार, अधिशाषी अभियंता पीडब्ल्यूडी
पीडब्ल्यूडी को कई बार पत्राचार के माध्यम से अवगत कराया गया है, लेकिन अभी तक इस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई ना ही किसी प्रकार का विभाग की तरफ से जबाब नहीं आया। जवाब नहीं मिलने पर जिलाधिकारी को इस समस्या से अवगत कराया गया है। अभी जवाब नहीं आया है। -उज्मा राशिद, चेयरमैन नगर पालिका परिषद