गोंडा। नई जिला पंचायत का गठन होने के बाद जिला पंचायत ने विकास की ओर कदम बढ़ा दिए हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष अध्यक्ष घनश्याम मिश्रा ने बताया कि सांसद कैसरगंज बृजभूषण शरण सिंह ने बीते दिनों दुर्जनपुर घाट पर स्थानीय लोगों की समस्या को सुनने के बाद जलभराव से निजात दिलाने की हामी भरी थी।
वजीरगंज विकासखंड के दुर्जनपुर घाट बाजार में लगभग 227 लाख रुपए से नाला निर्माण की स्वीकृति मिली है। साथ ही तरबगंज विकासखंड के पकड़ी अमदही तथा मनहना बाजार में भी सड़क के दोनों और नाला निर्माण कराने की प्रक्रिया शुरू हो गई है, जबकि बेलसर के मनहना और बनुआ बाजार में भी सड़क के दोनों ओर नाला निर्माण की प्रक्रिया शुरू हुई है।
नाला निर्माण की प्रक्रिया कुश्ती संघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष करण भूषण शरण सिंह का ड्रीम प्रोजेक्ट रहा है। नाला निर्माण की प्रक्रिया आरंभ होने पर वजीरगंज ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि पंकज सिंह, दुर्जनपुर घाट प्रधान प्रतिनिधि अखंड प्रताप सिंह, वरिष्ठ भाजपा नेता विनय सिंह बबलू, कलाकार तिवारी, सुरेश शुक्ला, अनंत प्रताप उर्फ टीपू सिंह, प्रदीप पांडेय, सुनील गुप्ता, बाबा अमृतलाल दास, कमलेश सिंह आदि ने सांसद कैसरगंज के प्रति आभार व्यक्त किया है।
वजीरगंज विकासखंड के दुर्जनपुर घाट बाजार में हल्की सी बारिश में भी सड़क तालाब का रूप ले लेती थी। यहां पर लोगों ने एक बार आंदोलन भी किया था, जिसमें 10 लोगों से अधिक के ऊपर मुकदमा भी दर्ज हुआ था।
क्षेत्रीय जनता लंबे समय से नाला निर्माण की मांग कर रही थी। जिसे गंभीरता से लेते हुए सांसद कैसरगंज बृजभूषण शरण सिंह की पहल पर पूर्व में जिला पंचायत अध्यक्ष रही केतकी सिंह ने अमलीजामा पहनाने का प्रयास करते हुए अपने कार्यकाल में ही इन बाजारों में नाला निर्माण का सर्वे करा दिया था।