गोंडा। दोहरे हत्याकांड के बाद परासपट़्टी मझवार गांव में अभी एहतियान पुलिस कैंप कर रही है। पुलिस अधीक्षक ने दोहरे हत्याकांड में लापरवाही के आरोप में एक सिपाही को लाइन हाजिर कर दिया है। परासपट्टी मझवार गांव दूसरे दिन रविवार को भी पुलिस छावनी में तब्दील रहा।
फायरिंग में घायल सपा के युवजनसभा के पूर्व राष्ट्रीय सचिव विजय कुमार सिंह उर्फ टिंटू सिंह का लखनऊ में ऑपेरशन के बाद उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया है। रविवार को उनका हाल जानने के लिए परास स्थित घर पर संबंधियों के आना-जाना लगा रहा।
पुलिस अधीक्षक आरके नैय्यर ने बताया कि दोहरे हत्याकांड में लापरवाही के कारण थाना उमरी बेगमगंज में तैनात सिपाही ललित को लाइन हाजिर कर दिया गया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पुलिस लाइन से उपनिरीक्षक रूदल बहादुर सिंह को, सिपाही पंकज यादव व अमन यादव को थाना उमरी बेगमगंज में तैनाती दी गई है। एसपी ने बताया कि फरार चल रहे दो अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगाई गई है। जल्द ही दोनों अभियुक्तों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।