तुलसीपुर (बलरामपुर)। देवीपाटन मंदिर से बुधवार को एडीएम न्यायिक ज्योति गौतम ने स्वच्छता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। साथ ही कूड़ा निस्तारण को लेकर आमजन को जागरूक करने के लिए डोर-टू-डोर अभियान भी शुरू कर दिया गया है।
अधिशासी अधिकारी डॉ. संपूर्णानंद ने बताया कि जन जागरूकता के उद्देश्य से नगर पंचायत के कर्मचारियों और सफाई मित्रों की रैली निकाली गई। मंदिर से प्रारंभ होकर रैली नगर के मुख्य बाजार से होते हुए कार्यालय पहुंचकर समाप्त हुई। लोगों से घर व दुकान का कूड़ा कूड़ेदान में डालने, गीला व सूखा कूड़ा अलग-अलग करने की अपील की गई।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक वार्ड से दो-दो उत्साही युवाओं को सफाई ब्रांड एंबेस्डर बनाया गया है। वार्डों के बीच एक प्रतिस्पर्धा रखी जाएगी। जो सबसे बेहतर मिलेगा, उस वार्ड को और उसके सफाई कर्मियों को सम्मानित किया जाएगा। इस मौके पर नगर पंचायत कर्मी बुद्धि सागर मिश्रा, गौरव श्रीवास्तव व रवि सहित तमाम लोग उपस्थित रहे।