गोंडा। आयुक्त सभागार में बृहस्पतिवार देर शाम मंडलायुक्त शशिभूषण लाल सुशील ने मंडलीय स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की। उन्होंने सख्त निर्देश दिया कि डॉक्टरों की प्राथमिकता मरीजों का इलाज होना चाहिए। सभी डॉक्टर सुबह समय से ओपीडी में पहुंचें। किसी भी स्थिति में बाहर की दवाएं न लिखी जाएं।
आयुक्त ने चारों जिलों के सीएमओ के साथ ही गोंडा व बहराइच मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य सहित सभी अस्पतालों के मुख्य चिकित्सा अधीक्षकों को सख्त निर्देश दिया कि प्रतिदिन राउंड कर व्यवस्थाओं की निगरानी करें। दवा का स्टॉक खाली होने से पहले ही सभी दवाएं मंगा ली जाएं। उन्होंने 70 वर्ष से अधिक आयु के लोगों के गोल्डन कार्ड बनाए जाने, नियमित टीकाकरण सत्र का आयोजन करने, बायोमेडिकल वेस्ट का समुचित निस्तारण करने, अस्पताल में समस्त स्टाफ ड्यूटी के समय अपने यूनिफॉर्म एवं आईडी कार्ड के साथ उपस्थित रहने के निर्देश दिए। आयुक्त ने बताया कि मंडल के 17,597 क्षय रोगियों को गोद लिया गया है। टीबी मुक्त ग्राम पंचायत अभियान के तहत पूरे मंडल में 294 ग्राम पंचायत टीबी मुक्त हो चुकी हैं।