रांगी पीएचसी में इलाज करते डॉ. उदय प्रताप मिश्र। - संवाद
परसपुर/हलधरमऊ/मसकनवा/दुर्जनपुरघाट/गोंडा। जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में रविवार को आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल तस्वीर सामने आई। हलधरमऊ के पीएचसी बरांव में डॉक्टर और फार्मासिस्ट नदारद रहे। यहां लैब टेक्नीशियन मरीजों को दवाएं और परामर्श देते मिले। भौरीगंज पीएचसी में लैब टेक्नीशियन के नहीं पहुंचने से मरीजों की जांच नहीं हो सकी।
परसपुर के पीएचसी त्योरासी में आरबीएसके चिकित्सक डॉ. शानू सिंह ने दोपहर 01:30 बजे तक 71 मरीजों का उपचार किया। भौरीगंज में डॉ. मुकेश गुप्ता ने 14 मरीज देखे लेकिन लैब टेक्नीशियन के नहीं पहुंचने से जांच नहीं हुई। पीएचसी पूरे तिवारी में डॉ. दीपक ने 15 मरीजों का उपचार किया।
हलधरमऊ के पीएचसी बरांव में दोपहर 12:30 बजे तक सिर्फ पांच मरीज पहुंचे थे। यहां डॉक्टर और फार्मासिस्ट की अनुपस्थिति में लैब टेक्नीशियन नागेंद्र कुमार मरीजों को दवाएं देते मिले। मरीजों के परचे भी नहीं बनाए जा रहे थे। करीब छह महीने से बीपी जांच मशीन खराब होने के कारण मरीजों को बिना जांच के दवाएं दी जा रही थीं।
तरबगंज के पीएचसी रांगी में डॉ. उदय मिश्र ने दोपहर 01:20 बजे तक आठ मरीजों का उपचार किया। यहां बिजली, पानी और खून की जांच की सुविधा नहीं होने से मरीज परेशान हैं। गोकुला निवासी राजाराम ने बताया कि जांच कराने के लिए 14 से 15 किलोमीटर दूर नवाबगंज या तरबगंज जाना पड़ता है।
पीएचसी मसकनवा में आयुष चिकित्सक डॉ. डीसी वर्मा ने 55 मरीजों का उपचार किया। यहां गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच कर आयरन, कैल्शियम और फोलिक एसिड की दवाएं दी गईं। सीएचओ संजना रावत ने स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी। लैब टेक्नीशियन छांगुर प्रसाद ने खून की जांच की।