गोंडा। मौसम में हो रहे बदलाव से चिकन पॉक्स का संक्रमण तेजी से पांव पसार रहा है। मेडिकल कॉलेज के ब्लड बैंक में तैनात मेडिकल ऑफिसर डॉ. शोएब इकबाल व ब्लड बैंक के प्रभारी प्रवीण पांडेय भी संक्रमण की चपेट में आ गए हैं।
जिले में तपिश व हल्की बारिश से नमी वाला वातावरण संक्रामक रोगों को बढ़ावा दे रहा है। पिछले सप्ताह ब्लडबैंक में तैनात मेडिकल ऑफिसर डॉ. शोएब इकबाल चिकन पॉक्स से संक्रमित हो गए। उनके संपर्क में रहने वाले ब्लडबैंक के पीआरओ प्रवीण पांडेय भी मंगलवार को चिकनपॉक्स से पीड़ित हो गए।
डॉक्टर ने बताया कि उनके पूरे शरीर में छोटे-छोटे दाने निकल आए थे, जिनमें पानी भरा था, पांच दिनों में दाने स्वत: ठीक हो गए लेकिन इस बीच में शरीर में बहुत कमजोरी महसूस हुई। बुखार के साथ गले में संक्रमण की दिक्कत रही।
बताया कि वायरस के लिए कोई विशेष दवा नहीं बल्कि सर्दी-जुकाम के लिए जरूरी एंटीबायोटिक दवा का सेवन कर रहे हैं। शरीर की कमजोरी के लिए मल्टीविटामिन ले रहा हूं। जानकारी मिली है कि ब्लड बैंक के पीआरओ भी संक्रमित हो गए हैं जो अभी अवकाश पर हैं। प्रत्येक वर्ष इस मौसम में चिकनपॉक्स का संक्रमण का फैलता है।