गोंडा। विकासखंड झंझरी कार्यालय का गुरुवार को जिलाधिकारी मार्कंडेय शाही ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान परिसर तथा कार्यालय कक्षों में गंदगी मिलने पर जिलाधिकारी ने प्रभारी बीडीओ को फटकार लगाई। डीएम ने प्रभारी बीडीओ को दो दिन के अंदर कार्यालय व परिसर की साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए हैं। वहीं अनुपस्थित मिले चार कर्मचारियों का वेतन रोकने का आदेश दिया है।
कार्यालय निरीक्षण के दौरान उपस्थिति पंजिका का अवलोकन करने पर चार कर्मचारी हेमचंद यादव एडीपीआरओ, जेई अंगद कुशवाहा, तकनीकी सहायक शिव कृष्ण पांडे तथा चंदन कुमार बीएमएम अनुपस्थित मिले। जिलाधिकारी ने अनुपस्थित चारों कर्मचारियों का वेतन रोकने के साथ ही स्पष्टीकरण तलब किया है।
निरीक्षण के दौरान सेवा अभिलेखों तथा मनरेगा प्रकोष्ठ पंजिका का रखरखाव बेहद खराब मिला। सेवा पुस्तिका तथा जीपीएफ पास बुक में भी सूचनाएं अपडेट नहीं मिलीं। जिलाधिकारी ने इस पर नाराजगी जताते हुए खंड विकास अधिकारी को दो दिन के अंदर सभी अभिलेख दुरुस्त कराने तथा कार्यालय व ब्लॉक परिसर की साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने मनरेगा के कार्य में भुगतान के सभी नियमों का पालन कराने के भी निर्देश दिए हैं।