गोंडा। नामांकन के दूसरे दिन डीएम मार्कंडेय शाही तथा एसपी संतोष मिश्रा ने कई ब्लाकों का निरीक्षण किया। डीएम ने एसपी के साथ जिला पंचायत सदस्य पद के लिए कलेक्ट्रेट में बनाए गए नामांकन स्थलों तथा ब्लाक कटरा बाजार, हलधरमऊ, करनैलगंज, परसपुर तथा बेलसर में पहुंचकर नामांकन कार्य का मुआइना किया।
निरीक्षण के दौरान जिला मजिस्ट्रेट ने नामांकन दाखिल करने आए संभावित प्रत्याशियों तथा उनके प्रस्तावक व समर्थकों को कोविड-19 प्रोटोकॉल का अनुपालन करने की नसीहत दी तथा कहा कि सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें व मास्क अनिवार्य रूप से लगाएं। कटरा में निरीक्षण के दौरान ब्लाक के नोडल मजिस्ट्रेट अशेष कुमार श्रीवास्तव अनुपस्थित मिले।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित नोडल मजिस्ट्रेट को कारण बताओ नोटिस जारी कर एक घंटे के अंदर उपस्थित न होने पर कार्रवाई की चेतावनी दी तथा प्रभारी बीडीओ कटरा बाजार सेवाराम चौधरी से इस संबंध में रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं।
निरीक्षणों के दौरान जगह-जगह लोगों की जामा तलाशी कराई गई। उन्होंने ब्लाकों पर तैनात रिटर्निंग ऑफीसर्स को निर्देश दिए कि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्देशों तथा आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराते हुए नामांकन कार्य तथा नामांकन पत्रों की जांच का कार्य पूरी पारदर्शिता के साथ प्रत्येक दशा में सम्पन्न कराएंगे।
निरीक्षण के दौरान मुख्य राजस्व अधिकारी आरआर प्रजापति, एएसपी शिवराज सहित रिटर्निंग आफीसर्स, ब्लाकों के खण्ड विकास अधिकारी, ओएसडी शिवराज शुक्ल, पीआरओ मनोज सिंह तथा अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।