गोंडा। संपूर्ण समाधान दिवस में जनशिकायतों की सुनवाई के साथ किसानों को बीज वितरण भी हुआ। तरबगंज में जिलाधिकारी डॉ. उज्जवल कुमार ने शिकायतों को सुनने के बाद किसानों को उड़द का बीज वितरण किया। उन्होंने आदमपुर गांव में विकास कार्यों की समीक्षा किया। स्वच्छता अभियान से कूड़ा उठाने वाले वाहन का रवाना किया।
मुख्य विकास अधिकारी एम. अरुन्मोली ने मनकापुर, करनैलगंज में मुख्य राजस्व अधिकारी जयनाथ यादव, सदर में अपर जिलाधिकारी सुरेश कुमार सोनी व सिटी मजिस्ट्रेट अर्पित गुप्त ने शिकायत सुनी। तरबगंज में नबाबगंज के ग्रामसभा मोहनापुर सरायखत्री निवासी महिला गुड्डा देवी ने पट्टे में मिली भूमि पर जबरन पानी की टंकी बनाए जाने की शिकायत की।
चंदीपुर में बने गौशाला के बाउंड्रीवाल निर्माण व रात्रि में पुलिस गश्त किये जाने की मांग गौरक्षक बेकरू ने की। गेड़सर वजीरगंज निवासी अश्वनी कुमार मिश्र ने लोक निर्माण विभाग द्वारा बनाए जा रहे सड़क मार्ग में घटिया सामग्री इस्तेमाल करने व मानकविहीन निर्माण किये जाने की शिकायत की।
पकड़ी बेलसर निवासी गंगा प्रसाद व सतीश कुमार निवासी खिरिया वजीरगंज सहित कई लोगों ने चकमार्गों पर दबंगों का अवैध कब्जा होने की शिकायत व उसे खाली कराने की मांग की है। जिलाधिकारी ने 81 मामलों को सुना और चार का निस्तारण किया। मामलों में जांच करके कार्रवाई के निर्देश दिए। महादेवा के राज मौर्य ने किड़नी खराब होने की समस्या बताई और खतौनी में नाबालिग दर्ज होने से इलाज कराने में कोई ऋण नहीं ले पा रहा है।
डीएम ने तत्काल उसका नाम खतौनी में बालिग कराकर खतौनी की प्रति दी। वहीं दस किसानों को उड़द का बीज दिया। ग्राम पंचायत आदमपुर में कूड़ा निस्तारण केंद्र का उद्घाटन कर डोर टू डोर कलेक्शन वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
लापरवाही पर सचिव निलंबित, एडीओ पंचायत को चेतावनी
मनकापुर में जनसुनवाई के बाद सीडीओ एम. अरुन्मोली ने गावों में विकास कार्यों का निरीक्षण किया। मनकापुर के ग्राम पंचायत बनकसिया में कंपोजिट विद्यालय मंगाजोत में अव्यवस्था से काफी खफा हुईं। विद्यालय में बाउंड्रीवाल न होने, दिव्यांग शौचालय, रनिंग वाटर न होने पर नाराजगी जताई। ग्राम पंचायत अधिकारी अवधेश पांडेय को निलंबित कर दिया।
एडीओ पंचायत मनकापुर गणेश दत्त सिंह को अपने दायित्वों में शिथिलता पाए जाने पर चेतावनी दी। उन्होंने तत्काल गोशाला का निर्माण कार्य शुरू कराने के लिए उपजिलाधिकारी मनकापुर व खंड विकास अधिकारी को दिए। इसके साथ ही विकास खंड के छपिया के ग्राम पंचायतों का औचक निरीक्षण किया। ग्राम पंचायत रानीजोत निरीक्षण के दौरान तमाम कमियां मिली।
उन्होंने समय से निर्माण कार्यों को पूरा करने का दिशा निर्देश दिया। शनिवार को सीडीओ एस अरुण मौली सीधे विकासखंड मुख्यालय पहुंची। मुख्यालय में रखें अभिलेखों का सघन निरीक्षण किया। ग्राम पंचायत तेजपुर में तिलेश्वरनाथ मंदिर और अमृत सरोवर तालाब और शौचालय देखा। सीडीओ ने खंड विकास अधिकारी छपिया को विकास कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया।