गोंडा। डीएम मार्कंडेय शाही ने रविवार को महिला अस्पताल में बच्चों को पोलियो ड्राप पिलाकर पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया। महिला अस्पताल में अभियान का शुभारंभ करने के बाद डीएम ने नगर क्षेत्र में मोहल्ला इमामबाड़ा पहुंचकर अल्पसंख्यक समुदाय के बच्चों को पोलियो ड्राप पिलाया।
मोहल्ला इमामबाड़ा में पोलियो ड्रॉप पिलाने के लिए समुचित प्रबंध न किए जाने पर नाराज डीएम ने जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. देवराज तथा सुपरवाइजर पीपी पांडेय को कड़ी फटकार लगाते हुए प्रतिकूल प्रविष्टि जारी करने के आदेश दिए हैं। डीएम ने सीएमओ को आदेश दिए हैं कि वे सभी पोलियो बूथों का स्वयं टीम के साथ निरीक्षण कर रिपोर्ट दें कि किन-किन बूथों पर अभियान के लिए मानक अनुरूप प्रबंध नहीं किए गए।
जिलाधिकारी ने बताया कि पल्स पोलियो अभियान के तहत जिले में जिले में 31 जनवरी से 7 फरवरी तक पल्स पोलियो अभियान चलाया जाएगा। जिसमें 5 वर्ष के 5 लाख 64 हजार 43 बच्चों को पोलियो ड्राप पिलाई जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रथम दिन बूथ-डे के रूप में मनाया जाएगा।
इसके बाद 1 फरवरी से 3 फरवरी तक स्वास्थ्य कमिर्यों द्वारा घर-घर जाकर बच्चों को ड्राप पिलाने का कार्य किया जाएगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय सिंह गौतम ने बताया कि पोलियो खुराक पिलाने के लिए जिले में कुल 1977 स्थाई बूथ तथा 122 हाई रिस्क एरिया बूथ बनाए गए हैं।
पल्स पोलिया अभियान का शुभारंभ करने के बाद जिलाधिकारी ने महिला अस्पताल में टीएसयू के सहयोग से चल रहे पांच दिवसीय एसबीए रेजीडेंसियल प्रशिक्षण कार्य तथा बनाए जा रहे नए एसएनसीयू वार्ड का निरीक्षण किया। वहां पर डीएम ने गोंडा, श्रावस्ती तथा बलरामपुर के प्रतिभागी एएनएम व स्टाफ नर्सेज को प्रशिक्षण प्रमाणपत्र भी प्रदान किया।