गोंडा। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने बजाज हिंदुस्थान शुगर मिल लिमिटेड इकाई कुंदरखी मिल प्रबंधन को सख्त चेतावनी दी है। यह चेतावनी गन्ना किसानों के भुगतान में देरी को लेकर दी गई। बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में हुई समीक्षा बैठक में उन्होंने यह बात कही।
बैठक में चीनी मिलों के यूनिट हेड और विभागीय अधिकारी मौजूद थे। जिलाधिकारी ने साफ कहा कि किसानों को उनके गन्ने का मूल्य निर्धारित समय-सीमा में शत-प्रतिशत मिलना चाहिए। उन्होंने भुगतान में किसी भी तरह की लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त न करने की बात कही। डीएम ने अधिकारियों को लंबित भुगतान प्राथमिकता के आधार पर कराने के निर्देश दिए। बैठक में गन्ना ढुलाई के दौरान सड़क सुरक्षा को लेकर भी जिलाधिकारी ने सख्ती दिखाई।