करनैलगंज में मदरसा दारुल उलूम यतीमखाना सफविया में बैठक करते अंजुमन के पदाधिकारी। स्रोत: सोशल म
गोंडा। पैगंबर मोहम्मद साहब के जन्मदिवस के मौके पर पांच सितंबर को निकलने वाले जुलूस ए मोहम्मदी में डीजे पर पूर्ण रूप से पाबंदी रहेगी। यह निर्णय बुधवार शाम करनैलगंज के दारूल उलूम यतीमखाना सफविया में आयोजित मुस्लिम समाज की बैठक में लिया गया।
संरक्षक सैयद शुएबुल अलीम बकाई की सरपरस्ती में हुई बैठक में निर्णय लिया गया कि डीजे से ध्वनि प्रदूषण फैलता है। जिससे बीमार लोगों के साथ-साथ आमजन को भी दिक्कतें होती हैं। इसलिए जुलूस के दौरान डीजे नहीं बजाया जाएगा। शांतिपूर्ण माहौल में जुलूस निकालने पर सहमति बनी। उन्होंने बताया कि पांच सितंबर की सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक निकलने वाले जुलूस के दौरान मार्ग पर यातायात बाधित नहीं किया जाएगा। एंबुलेंस के साथ ही बुजुर्गों सहित अन्य जरूरतमंदों को रास्ता दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जुलूस ए मोहम्मदी में हुजूर की बातों पर अमल करने की जरूरत है। बैठक में करनैलगंज की कई अंजुमन लोग शामिल रहे। मदरसा प्रबंधक सैयद आबिद ने आभार व्यक्त किया।
जोरशोर से चल रही है तैयारी
बारावफात को लेकर शहर में जगह-जगह झालरें लगाई जा रही हैं। बिजली की झालरों से इमारतें सजाई जाएंगी। इतना ही नहीं बाजार में हरे झंडे खूब बिक रहे हैं। चौक के दुकानदार इबरार ने बताया कि इस साल झंडे खूब बिक रहे हैं। कढ़ाई वाले झंडे ज्यादा पसंद किए जा रहे हैं। दिल्ली से हरे रंग के परचम भी लाए गए हैं।