रंगारंग कार्यक्रमों के साथ बुधवार को स्पोर्ट्स स्टेडियम में 20वीं जनपदीय क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। माध्यमिक स्कूलों के बच्चों ने जनपदीय क्रीड़ा प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। तीन दिवसीय क्रीड़ा प्रतियोगिता में पहले दिन माध्यमिक विद्यालयों के तमाम बच्चों ने विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
एसडीएम सदर जेपी सिंह, सपा जिलाध्यक्ष ओंकारनाथ पटेल व बीएसए रमेश यादव ने बुधवार को दीप जलाकर जनपदीय क्रीड़ा प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। प्रतियोगिता के संयोजक डीआईओएस राम सिंह ने अतिथियों को बैच लगाकर व स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया। बलरामपुर माडर्न इंटर कॉलेज, बाल भारती इंटर कॉलेज, सरस्वती विद्या मंदिर एवं एमडीके इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत एवं देशगीत प्रस्तुत कर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत की।
इस दौरान अन्य माध्यमिक स्कूलों के बच्चों ने गीत, नृत्य एवं प्रहसन आदि सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। पिछले साल की विजेता जैनब खां ने मशाल लेकर खेल मैदान का चक्कर लगाकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। पहले दिन 100 मीटर दौड़ प्रतियोगिता आयोजित की गई।
प्रतियोगिता के फर्स्ट हीट में दिलीप कुमार, सेकेंड हीट में अंकित कुमार, थर्ड हीट में अनीस खान, फोर्थ हीट में शुभम नाथ एवं फिफ्थ हीट में सैफ खान ने प्रथम स्थान हासिल किया। इस अवसर पर जिला क्रीड़ा सचिव मोहम्मद सुहेल, डॉ. भानु तिवारी, डॉ. देवेश चंद्र, आनंद उपमन्यु, उमाशंकर सिंह, मुस्कीम खान, मंजू श्रीवास्तव, केपी यादव सहित तमाम प्रबुद्धजन एवं शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।