गोंडा। बारिश के दौरान शनिवार को जिला अस्पताल की बिजली करीब दो घंटे तक गुल रही। महिला अस्पताल में भी बिजली आपूर्ति बाधित होने से मरीजों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हालांकि जनरेटर चलाकर जांच समेत अन्य जरूरी सेवाएं संचालित की गईं। बारिश थमने के बाद बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी।
शनिवार सुबह करीब 10 बजे बारिश के साथ ही जिला अस्पताल की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। इससे अस्पताल में पर्चा बनवाने समेत कई कार्य प्रभावित हुए। मरीजों और तीमारदारों को काफी परेशानी हुई। बारिश बंद होने के बाद बिजली आपूर्ति बहाल हुई, लेकिन शाम करीब छह बजे लाइन में फाल्ट आने के कारण एक बार फिर आपूर्ति बाधित हो गई। सीएमएस डॉ. अनिल तिवारी ने बताया कि बिजली आपूर्ति बाधित होने की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दे दी गई है। फाल्ट को ठीक कराने का प्रयास किया जा रहा है।
इटियाथोक क्षेत्र के पूरे बसालत गांव के ग्रामीण शनिवार को देवीपाटन जोन के मुख्य अभियंता कार्यालय पहुंचे। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में 63 केवीए के ट्रांसफार्मर से करीब 200 घरों को बिजली आपूर्ति की जा रही है। अधिक भार के कारण रात में लो-वोल्टेज की समस्या रहती है। इससे पंखे तक ठीक से नहीं चल पाते और गर्मी में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।