गोंडा। माध्यमिक विद्यालयों की मंडलीय शूटिंग प्रतियोगिता में इस बार गोंडा का दबदबा देखने को मिला। शनिवार को रेलवे कॉलोनी स्थित श्री गांधी विद्यालय इंटर कॉलेज में आयोजित फाइनल मुकाबलों में गोंडा ने चार में से तीन वर्गों की टीम चैंपियनशिप अपने नाम कर ली। केवल सीनियर बालिका वर्ग का खिताब बलरामपुर की टीम जीत सकी।
प्रतियोगिता के प्रदर्शन के आधार पर चयनित खिलाड़ी अब मेरठ में होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में देवीपाटन मंडल का प्रतिनिधित्व करेंगे। जिला क्रीड़ा सचिव राजेश पांडेय के निर्देशन में अंडर-19 एवं अंडर-17 बालक व बालिका वर्ग की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। सीनियर बालिका वर्ग में एमवाई उस्मानी इंटर कॉलेज, उतरौला की हजरा बानो ने प्रथम, संजना देवी ने द्वितीय तथा निकिता मौर्य ने तृतीय स्थान हासिल किया। सीनियर बालक वर्ग में शहीदे आजम सरदार भगत सिंह इंटर कॉलेज गोंडा के कृष्णा तिवारी प्रथम, सुभाष इंटर कॉलेज उमरी बेगमगंज के अमरजीत द्वितीय तथा एमपीपी इंटर कॉलेज बलरामपुर के शिवकरण तृतीय स्थान पर रहे।
जूनियर बालक वर्ग में मेजबान श्री गांधी विद्यालय इंटर कॉलेज के कृष्ण गोपाल गुप्ता ने पहला और अंशु मौर्य ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। टीम चैंपियनशिप में सीनियर बालिका वर्ग का खिताब बलरामपुर ने जीता, जबकि जूनियर बालिका, सीनियर बालक और जूनियर बालक वर्ग की चैंपियनशिप गोंडा के नाम रही। जिला क्रीड़ा सचिव बलरामपुर मोहम्मद सुहेल, अखंड प्रताप सिंह, अतुल कुमार सिंह, संदीप शुक्ला, पंकज कुमार पांडेय, प्रशांत सिंह, विशाल सहित अन्य शिक्षक एवं खेल अधिकारी मौजूद रहे।