शाहपुर (गोंडा)। परसपुर थाना क्षेत्र के शिवगढ़ में बृहस्पतिवार को द्वारपूजा के दौरान बरातियों व घरातियों में विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ा कि बिना दुल्हन के ही बरात लौट गई। वधू पक्ष ने पुलिस को तहरीर दी है।
सुकई पुरवा बहुवन निवासी एक व्यक्ति के बेटे का विवाह शिवगढ़ की रहने वाली युवती से तय हुआ था। 07 मई को तिलक में तीन लाख रुपये दिए गए थे। निर्धारित तिथि के अनुसार बृहस्पतिवार को बरात आई। द्वारपूजा के समय कुछ बराती महिलाओं से अभद्रता करने लगे। घरातियों ने विरोध किया तो मारपीट हो गई। स्थिति बिगड़ती देख यूपी 112 पर कॉल की गई तो पुलिस टीम आ गई। इससे गुस्साए बराती लौट गए। युवती के घरवालों का कहना है कि चार लाख रुपये खर्च किए थे। इंस्पेक्टर परसपुर तेज प्रताप सिंह ने बताया कि दोनो पक्षों ने सुलह समझौता कर लिया है। (संवाद)