गोंडा। मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने मेडिकल कॉलेज की प्रधानाचार्य व सीएमएस को प्रतिदिन वार्डों, कक्षों एवं परिसर का सामूहिक निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही खराब पंखे, कूलर और वेंटीलेटर को जल्द दुरुस्त कराने को कहा है।
मंडलायुक्त ने मंगलवार को मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया था। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज में आवश्यक चिकित्सा उपकरण और प्रकाश के उपकरण खराब हैं। मरीजों को रेफर करने वाला वास्तविक रजिस्टर नहीं दिखाया गया है। निरीक्षण के दौरान एक ऐसा रजिस्टर प्रस्तुत किया गया जिसमें की गईं प्रविष्टियों में विसंगतियां हैं। इसके लिए प्रधानाचार्य को दो दिन के भीतर व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर स्थिति स्पष्ट करने का निर्देश दिया है। मंडलायुक्त ने बताया कि क्षेत्रीय निदान केंद्र में जांच कराने वाले मरीज से बात की गई। इस पर बताया गया कि एक्सरे, सीटी स्कैन व पैथाेलॉजी में जांच कराने के तीसरे दिन रिपोर्ट दी जाती है। ऐसे में दिक्कतें होती हैं। इस पर मंडलायुक्त ने मरीज को जांच के तीन से चार घंटे के अंदर ही रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। पीआईसीयू में भी वेंटीलेटर खराब मिले। इसके साथ ही सर्जिकल वार्ड प्रथम में डस्टबिन मेडिकल वेस्टेज से भरा पाया गया। मरीजों ने गंदगी को लेकर शिकायत की। इस पर प्रधानाचार्य व सीएमएस को सख्त निर्देश दिए गए हैं।