गोंडा। जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल गोंडा के तत्वावधान में स्वर्गीय सुखपाल पांडेय ग्रामीण स्टेडियम महरागौरा में एक दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिता में पुरुषों के 1600 मीटर दौड़ में दिनेश वर्मा को प्रथम, मुकेश को द्वितीय एवं विपिन को तृतीय स्थान मिला। 800 मीटर पुरुषों की दौड़ प्रतियोगिता में संतोष कुमार को प्रथम व संजय को द्वितीय स्थान मिला। प्रतियोगिता में ऊंची कूद, लंबी कूद व कबड्डी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया।
वालीबॉल प्रतियोगिता में बनकटवा की टीम को प्रथम स्थान व मंडप की टीम को द्वितीय स्थान मिला। बीओ बलवीर सिंह व प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी प्रदीप तिवारी ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किया।
खेल प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि पूर्व ब्लाक प्रमुख बाबू राम यादव ने कहा कि ग्रामीण अंचल में खेलों के आयोजन से प्रतिभाएं निखर कर सामने आती हैं। साथ ही शारीरिक व मानसिक विकास होता है। इस अवसर पर शिवकुमार मिश्र, राम अभिलाख मिश्र, राम बहाल, बृजलाल, राजेंद्र प्रसाद सहित पीआरडी के जवान भी मौजूद रहे।
खोड़ारे। विकासखंड स्तरीय खुली प्रतियोगिता का आयोजन बभनजोत ब्लाक के पंडित रामबली लालता प्रसाद जूनियर हाई स्कूल में शनिवार को संपन्न हुआ। मुख्य अतिथि विद्यालय के प्रबंधक धर्मेंद्र पाठक रहे। खेल में बालक वर्ग एवं बालिका वर्ग में 100 मीटर, 200, 400 व 1500 मीटर तथा कबड्डी, ऊंची कूद, लंबी कूद का आयोजन कराया गया।
बालक वर्ग में शिव कुमार पाठक ने 15 सौ मीटर दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त किया। बालिका वर्ग में संध्या वर्मा ने 400 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त किया। ऊंची कूद में राम सूरत यादव ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। लंबी कूद में राम निहोर और कबड्डी में राम सागर वर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
इस मौके पर विद्यालय के प्रबंधक द्वारा जीते हुए खिलाड़ियों को मेडल देकर सम्मानित कर उत्साह वर्धन किया गया। इस मौके पर मेजर हरिदत्त मिश्रा, रमेश पाठक, मोहम्मद हाकिम खान, खुशीराम, शिवपूजन सहित तमाम लोग उपस्थित रहे।